चरखी दादरी। लाडावास निवासी दो महिलाओं पर दरांती से हमला कर घायल करने का मामला सामने आया है। बाढड़ा थाना पुलिस ने घायल महिला के बयान पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत ही केस दर्ज कर लिया है। आरोपी घायल महिलाओं के परिवार से ही है।
पुलिस को दिए बयान में लाडावास निवासी पुष्पा ने बताया कि गत 15 मई की दोपहर करीब एक बजे वो घर पर थी। उसकी सास बरामदे में सो रही थी जबकि बेटा बाहर गया था। उसी दौरान उनके परिवार का एक व्यक्ति घर आया और उसकी सास से झगड़ा करने लगा। उसी दौरान उक्त शख्स ने उसकी सास पर दरांती से हमला कर दिया। शोर सुनकर वो बाहर पहुंची और अपनी सास का बचाव करने लगी तो उक्त शख्स ने उस पर भी दरांती से हमला कर दिया। शोर सुनकर जब पड़ोसी मौके पर पहुंचने लगे तो उक्त शख्स धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया। इसके बाद परिजनों ने घायल सास-बहू को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। बाढड़ा थाना पुलिस ने उनके बयान पर आरोपी के खिलाफ धारा 323 व 506 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।