चरखी दादरी। बरसाना मोड़ से करीब 300 मीटर दूर सड़क किनारे खड़े चार दोस्तों में से तीन को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए। मृतक का पोस्टमार्टम मंगलवार को रोहतक पीजीआई में करवाया गया, जबकि घायल दोनों युवकों का अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में भिवानी के कुम्भा निवासी मृतक के चाचा के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में भिवानी के गांव ढाणा नरसाना निवासी शिवकुमार ने बताया कि उसका भतीजा सोनू व गांव कुम्भा निवासी बिंटू बाइक पर सवार होकर बेरला से बरसाना होते हुए कुम्भा जा रहे थे। बरसाना मोड़ के समीप उन्हें बाइक पर गांव निवासी नसीब व कमल मिल गए। इसके बाद वे चारों दो बाइक पर सवार होकर चल दिए। बरसाना मोड़ से करीब 300 मीटर दूर चलने पर उन्होंने बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी और बात करने लगे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक आया और उसने सोनू, बिंटू व नसीब को टक्कर मार दी। उनका चौथा साथी कमल उपचार के लिए उन्हें दादरी सिविल अस्पताल ले गया। वहां से तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। घायल बिंटू और नसीब को उनके परिजन उपचार के लिए अग्रोहा ले गए, जबकि सोनू को परिजन पीजीआई ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पीजीआई पहुंची सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।