संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। गांव तिवाला के बरसाना मोड़ पर सड़क हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हुआ। रोहतक पीजीआई पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तिवाला निवासी संदीप का पीजीआई में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयान में गांव तिवाला निवासी सुखबीर ने बताया कि वे तीन भाई थे। वह खेती करता है और उसका छोटा भाई संदीप ट्रक चालक था। वीरवार को संदीप काम पर गया था। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो उन्होंने आसपास तलाश की। इस दौरान उसे पता चला कि संदीप का बरसाना मोड़ पर एक्सीडेंट हो गया है और उसे उपचार के लिए रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। इसके बाद वह अपने परिजनों को लेकर पीजीआई पहुंचा तो डॉक्टरों ने उसके भाई को मृत घोषित कर दिया। उसने बताया किसी अज्ञात वाहन चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ है।