संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहरी विकास पर मंथन करने के लिए छह माह के लंबे इंतजार के बाद मंगलवार को बैठक होनी है। 13 पार्षदों का स्पष्ट कहना है कि नगर परिषद कार्यालय के बजाय लघु सचिवालय में बैठक आयोजित की जा रही है। इसके चलते वे इसका विरोध करेंगे। 21 में से 13 पार्षदों के बैठक से दूरी बनाने पर फिर से शहरी विकास का मामला खटाई में पड़ सकता है। नगर पार्षदों के दो धड़ों में बंटने का खामियाजा शहरवासी पहले ही भुगत रहे हैं।
नगर पार्षदों के कार्यकाल को ढाई साल हो चुके हैं, लेकिन, शहरी विकास कार्य रफ्तार नहीं पकड़ पाए हैं। नगर पार्षदों का कार्यकाल शुरू होने के बाद से हर माह नगर परिषद सदन की बैठक नहीं हो पा रही है। अब करीब 6 माह के इंतजार के बाद 7 जनवरी को बैठक होनी तय है। बैठक का एजेंडा सभी पार्षदों का भेजा जा चुका है। इसके मुताबिक 34 मुद्दों पर सभागार में नगर पार्षदों और अधिकारियों के बीच चर्चा होगी।
खास बात यह है कि हर बार बैठक नगर परिषद स्थित प्रधान कार्यालय में आयोजित की जाती थी, लेकिन, इस बार बैठक का स्थान बदलकर लघु सचिवालय किया गया है। एक जनवरी को ही 13 पार्षदों ने स्थान बदलने समेत चार सूत्री मांगों को लेकर ईओ कार्यालय में सचिव गौरव शर्मा को ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद जगह तो नहीं बदली गई, लेकिन, बैठक का समय 3 जनवरी को सुबह 11 से बदलकर दोपहर एक बजे कर दिया गया। दोबारा जारी किए एजेंडे में मांगों की अनदेखी से 13 पार्षदों में रोष है।