संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। कई साल से इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी का दंश झेल रहे दादरी शहर के सेक्टर 8 व 9 अब मूलभूत सुविधाओं के साथ विकसित किए जाएंगे। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के माध्यम से सेक्टरों में बुनियादी ढांचे के लिए सरकार की ओर से विशेष बजट दिया जाएगा।
हाल ही में विधायक सुनील सांगवान की ओर से रखी मांग के जवाब में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह आश्वासन दिया। सुनील सांगवान ने बताया कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात करते हुए उन्होंने दादरी की मूलभूत सुविधाओं की जानकारी दी थी। सीएम ने मामले को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को आदेश जारी कर दिए हैं। अब जल्द ही बजट जारी होने के बाद दोनों शहरी सेक्टरों के प्लॉटधारकों को सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
विधायक सुनील सांगवान ने बताया कि वर्ष 2016 में सेक्टर 8 व 9 के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के माध्यम से प्लाॅटों के ड्रा किए गए थे। बावजूद इसके इन सेक्टरों में बुनियादी ढांचा तैयार नहीं होने से प्लॉटधारकों को मकान निर्माण व कब्जा लेने में परेशानियां आ रही हैं। विधायक ने बताया कि प्लाॅट धारकों की समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री से मिलकर समाधान की मांग उठाई है।
उन्होंने बताया कि सीएम ने दोनों सेक्टरों में बुनियादी ढांचा को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। बताया कि जल्द ही बजट जारी होने के बाद दोनों सेक्टरों में नई सड़कें, सीवरेज व पानी निकासी की व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट सहित सुंदरीकरण को लेकर विकास होगा और प्लॉटधारकों को फायदा मिलेगा।