दादरी बस स्टैंड के बूथों पर खड़ी रोडवेज बसें
चरखी दादरी। दादरी परिवहन डिपो के बेड़े में एसी बसों की कमी खल रही है। करीब छह माह पहले डिपो को पांच एसी बसें आवंटित हुई थीं, लेकिन अब तक एक भी नहीं पहुंची है। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि मुख्यालय से आवंटित बसें मिलते ही इनका लंबे रूटों पर संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
बता दें कि दादरी से दिल्ली, जयपुर, झुंझुनू, खाटूश्याम, चंडीगढ़, हरिद्वार आदि लंबे रूटों पर बसों का संचालन किया जाता है। डिपो में बसों की कमी पहले से बनी है। पिछले साल तक डिपो से 163 बसों का संचालन होता था लेकिन इनमें से 54 एनजीटी के नियमों के चलते डिपो के बेड़े से बाहर हो गई थीं। इसके बाद डिपो के बेडे में 120 बसें बची हैं और बसों की कमी का असर रूटों पर पड़ रहा है।
स्थानीय अधिकारियों की मानें तो बसों का बेड़ा पूरा करने के लिए पांच एसी बसों की मांग मुख्यालय से की गई थी। अब तक ये बसें डिपो के बेड़े में शामिल नहीं हुई हैं। दूसरी ओर इन बसों का संचालन लंबे रूटों पर किया जाना है ताकि यात्रियों को सुविधाजनक सफर का लाभ मिल सके।
इन रूटों पर चलाई जानी हैं एसी बसें
दादरी डिपो के अधिकारियों ने पांच एसी बसों के संचालन की रूपरेखा तैयार की हुई है। इसके अनुसार, एक बस दादरी-झुंझुनू रूट पर तो एक दादरी-जयपुर रूट पर चलाई जानी है। तीसरी बस का संचालन दादरी-दिल्ली रूट पर होना है। चौथी बस नारनौल-चंडीगढ़ रूट पर और पांचवीं बस दिल्ली-झुंझुनू रूट पर चलाई जानी है। इन बसों का संचालन होने से प्रतिदिन एक हजार यात्रियों को फायदा होगा।
पांच एसी बसों की मांग हमने मुख्यालय भेज रखी है। डिपो में बसें पहुंचते ही इनका लंबे रूटों पर संचालन शुरू कर दिया जाएगा। पांचों बसों के रूट हमने तय कर रखे हैं।
नवीन शर्मा, जीएम, चरखी दादरी डिपो