चरखी दादरी। क्षेत्र में मंगलवार को मौसम में बदलाव आया। दोपहर बाद आसमान में बादल छाए रहे। वहीं, पूर्वी हवाओं का दबाव बना रहा। दिन का अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 17 डिग्री दर्ज किया गया।
मंगलवार सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए। 6 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा भी चली। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक व दो मार्च को आसमान में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं गरज के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। दो मार्च के बाद तापमान में गिरावट आने का अनुमान है। वहीं, कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि इस समय सरसों की फसल पककर तैयार हो गई है ऐसे में तेज हवा व बारिश से नुकसान हो सकता है। अगर ठीक प्रकार से बारिश हो जाती है तो गेहूं की फसल में बारिश से फायदा हो सकता है। जिला में 67 हजार एकड़ क्षेत्र में सरसों की फसल खड़ी है।