चरखी दादरी। शहर के बाजारों की मुख्य सड़कों पर घूम रहे रेहड़ी चालकों को स्थायी जगह न मिलने से जाम की स्थिति बनी रहती है जिससे दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है वहीं जाम लगने से वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद के अधिकारियों से रेहड़ी चालकों के लिए जगह निर्धारित करने की मांग की हैं ताकि रेहड़ी संचालकों और दुकानदारों को होने वाली परेशानी से निजात मिल सके।
इन दिनों शहर की गलियों और बाजारों के बीच सामान, फल, सब्जियां बेचने वाले रेहड़ी संचालकों के पास स्थायी जगह न होने का खामियाजा दुकानदारों और वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है। रेहड़ी चालक अपने सामान की बिक्री के लिए ग्राहक मिलने के साथ ही ब्रेक लगा देते हैं। वहीं लंबे समय तक बाजार की दुकानों के सामने खड़े रहते हैं जिससे लगातार दुकानदारों के कारोबार पर विपरीत असर पड़ रहा है।
गौरतलब है कि नगर परिषद की ओर से कुछ वर्ष पहले रेहड़ियां खड़ी करने के लिए पांच स्थानों का चयन किया गया था, लेकिन जगह कम होने के कारण कुछ रेहड़ी संचालकों को ही जगह मिल पाई थी। इसके अलावा कुछ समय बाद ही यह योजना दम तोड़ गई और बाजारों में पहले की तरह ही रेहड़ियां लगने लगीं। पर्याप्त जगह के अभाव में रेहड़ी चालक रोजी-रोटी के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हो रहे हैं। स्थानीय दुकानदारों ने नगर परिषद के अधिकारियों से रेहड़ी चालकों के लिए पर्याप्त जगह का चयन करने की मांग की हैं। ताकि सामान विक्रेताओं को बार-बार दुकानों के सामने रेहड़ी खड़ी होने से रोका जा सके।
- जाम के चलते व्यापार हो रहा प्रभावित
नगर व्यापार मंडल के प्रधान सुरेश पांडवानिया ने बताया कि रेहड़ी संचालक बीच बाजार सड़कों के बीच खड़े रहते हैं, वहीं मनमर्जी से सड़कों के बीच चलते हैं जिससे सड़कों के बीच जाम लग जाता है। वहीं दुकानों के सामने रेहड़ी खड़ी होने से दुकानों में ग्राहकों का आना कम हो जाता है जिससे दुकानदारों के व्यापार कम होता जा रहा हैं।
यह स्थान किए गए थे निर्धारित
नगर परिषद की ओर से रेहड़ी संचालकों के लिए सरस्वती पार्क, ढाणी फाटक आरओबी के नीचे, अग्रसेन धर्मशाला के सामने, लोहारू रोड पर पीएनबी के सामने स्थित खाली जगह और मेजबान चौक को निर्धारित किया गया था, लेकिन जगह की कमी होने से अधिकतर रेहड़ी संचालकों को जगह नहीं मिल पाई थी।
इन क्षेत्रों में बनती है जाम की स्थिति
शहर स्थित बस स्टैंड रोड, पुराना बस स्टैंड, कोर्ट रोड, पुरानी सब्जी मंडी रोड आदि बाजारों में रेहड़ी संचालकों का बोलबाला बना हुआ है। इसके कारण इन बाजारों से वाहनों के गुजरते समय जाम लग जाता है। जाम के कारण हर रोज दस हजार से अधिक वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
वर्जन :
दादरी शहर में रेहडियां लगाने के लिए जल्द जगह निर्धारित की जाएगी। जिससे रेहड़ी चालक भी आराम से रेहड़ी लगा सकेंगे और बाजारों में दुकानदारों को भी परेशानी नहीं होगी।
बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद दादरी।