पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया आरोपी।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ ने सुनिल निवासी गांव मानकावास को 99.75 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। उसे पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि सीआईए स्टाफ में तैनात एएसआई विशाल, हेड कांस्टेबल अमित, सिपाही मंजीत, सिपाही दिनेश व ईएएसआई कुलदीप शुक्रवार को गांव पैंतावास खुर्द के समीप गश्त कर रहे थे। उसी दौरान टीम को सूचना मिली कि गांव मानकावास में एक युवक नशीला पदार्थ चिट्टा बेचने का काम करता है। साथ ही सूचना मिली कि वह चरखी बस अड्डे पर किसी वाहन के इंतजार में है। जिस पर पुलिस टीम तुरंत स्थान पर पहुंची। वहां मौजूद एक युवक टीम को देखते ही भिवानी की तरफ जाने लगा।
टीम ने उसे काबू कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम सुनील उर्फ शुली गांव मानकावास निवासी बताया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ मोहनलाल की मौजूदगी में एएसआई विशाल ने युवक की तलाशी ली। इस दौरान उसके पास से 99.75 ग्राम चिट्टा (हेरोईन) बरामद हुआ। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार किया। पूछताछ के लिए उसे दो दिन के रिमांड पर लिया गया है।