बिलावल से झोझूकलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर जा रही एक स्टाफ नर्स की स्कूटी की गुडाना मोड़ के समीप ऑटो से भिड़ंत हो गई। सोमवार देर शाम हुए हादसे में घायल स्टाफ नर्स ने सिविल अस्पताल में दम तोड़ दिया। झोझूकलां थाना पुलिस ने मंगलवार सुबह सिविल अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवाया। उसके पति के बयान पर पुलिस ने ऑटो चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार बिलावल निवासी रीना (47) स्वास्थ्य विभाग में स्टाफ नर्स थी। उसकी तैनाती झोझूकलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में थी। सोमवार को रीना की नाइट शिफ्ट थी। वह घर से स्कूटी पर ड्यूटी जा रही थी जबकि उसका पति नीरज पीछे बाइक पर था।
रीना जब गुडाना मोड़ पर पहुंची तो उसकी स्कूटी और सामने से आ रहे ऑटो में टक्कर हो गई। रीना के पीछे आ रहे उसके पति नीरज ने उसे संभाला और तत्काल सिविल अस्पताल लेकर आया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
देर रात ही अस्पताल पहुंची पुलिस टीम
हादसे की सूचना मिलते ही देर रात पुलिस टीम सिविल अस्पताल पहुंच गई। झोझूकलां थाना पुलिस ने रीना के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी कक्ष में रखवा दिया। मंगलवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
2011 में हुई थी शादी
रीना कई सालों से स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत थी। उसकी शादी वर्ष 2011 में नीरज से हुई थी। रीना के दो बच्चे हैं और इस हादसे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।