चरखी दादरी। बाजार से पानी की निकासी होने पर सोमवार को पांच दिन बाद 500 से अधिक दुकानें खुलीं। वहीं, जलभराव के चलते जलजनित बीमारियां फैलने की आशंका पर नगर परिषद ने टीमें भेजकर बाजार और वार्डों में फॉगिंग भी करवाई। दूसरी ओर व्यापारियों ने जिला प्रशासन से जलभराव के चलते हुए नुकसान की भरपाई करवाने की मांग भी की है।
गत बुधवार को हुई बारिश के बाद से आंबेडकर चौक से लेकर लाला लाजपतराय चौक होते हुए पुरानी अनाज मंडी तक मुख्य बाजार की दुकानें बंद थीं। यही स्थिति आंबेडकर चौक से पुरानी सब्जी मंडी सड़क की थी। ये दोनों मुख्य बाजार हैं और यहां 500 से अधिक दुकानें जलभराव के चलते बंद रही थीं। रविवार को ही प्रशासन ने बाजारों से पानी की निकासी करवा दी तो दुकानदारों ने राहत की सांस ली। सोमवार को बाजार की सभी दुकानें खुलीं। वहीं, कई दिनों तक यहां पानी भरा रहने से जलजनित बीमारियों के फैलने से भी इंकार नहीं किया जा सकता है और इसके मद्देनजर ने नप अधिकारियों ने दो टीमों से बाजार में फॉगिंग करवाई। नप सूत्रों के अनुसार सोमवार को पांच टीमों ने छह वार्डों में 21 जगहों पर फॉगिंग की और यह अभियान करीब पांच घंटे तक चला।
प्रशासन को जल्द सौंपी जाएंगी सूची
व्यापारियों ने जिला प्रशासन से जलभराव के चलते हुए नुकसान की भरपाई करवाने की मांग भी की है। पांच दिन तक दुकानें बंद रहने से व्यापारियों को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। नगर व्यापार मंडल कार्यवाहक प्रधान रविंद्र सिंह गुप्ता का कहना है कि जिन दुकानदारों को जलभराव से नुकसान हुआ है, उनकी सूची जल्द प्रशासन को सौंप दी जाएगी।
इन जगहों पर टीमों ने की फॉगिंग
सोमवार को नगर परिषद टीम ने बस स्टैंड क्षेत्र स्थित पूर्ण मार्केट, रोज गार्डन वाली गली, सरदार झाडू सिंह चौक रोड, कोर्ट रोड, पुरानी अनाज मंडी रोड, पुरानी सब्जी मंडी रोड, रेलवे रोड, घिकाड़ा रोड, झज्जर घाटी क्षेत्र, हीरा चौक, चंपापुरी, प्रेम नगर व गांधी नगर आदि क्षेत्र में पांच टीमें भेजकर फॉगिंग करवाई। फॉगिंग कार्य मंगलवार को भी जारी रहेगा।
- सोमवार को यहां से हुआ कचरे का उठान
मुख्य बाजार से पानी निकासी होते ही नप टीमों ने कचरे का उठान शुरू कर दिया है। सोमवार को बस स्टैंड रोड, रोहतक रोड, कोर्ट रोड, रेलवे रोड, पुरानी अनाज मंडी रोड, दिल्ली रोड, पुराना झज्जर रोड, काठमंडी, घिकाड़ा रोड, सैनीपुरा मोहल्ला रोड, सुभाष चौक, हीरा चौक, पाहवा चौक, छोटी बाजारी आदि क्षेत्रों से कचरे का उठान हुआ।
- शहर में दस जगह अभी भी जलभराव
मुख्य बाजार से तो पानी की निकासी हो गई है, वार्डों में करीब दस जगहों पर अभी भी जलभराव की समस्या बरकरार है। कुछ गलियों में एक फुट तक पानी भरा हुआ है। वहीं, नगर परिषद कार्यालय परिसर में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल बस स्टैंड के पिछली तरफ, शनि मंदिर वाली गली, नगर परिषद कार्यालय, रोहतक रोड, वार्ड-12 और 17 में, मातृ-शिशु अस्पताल के सामने प्राचीन शिव मंदिर परिसर में जलभराव की स्थिति है।
कचरा उठान के साथ नगर परिषद ने शहर में फॉगिंग शुरू करवा दी है। सोमवार को बाजार टीमों ने मुख्य बाजार समेत करीब छह वार्डों को कवर किया। फॉगिंग कार्य लगातार जारी रहेगा और सफाई व्यवस्था भी अब पटरी पर आ गई है।
प्रशांत पाराशर, सचिव, नगर परिषद
बाजार में फॉगिंग करती नप टीम।- फोटो : CharkhiDadri