घटनास्थल पर पुलिस कर्मचारियों से बातचीत करते नायब तहसीलदार अभिमन्यु।
चरखी दादरी। रोहतक फाटक पर मंगलवार सुबह हवाई फायर कर स्कूटी सवार दो युवक फरार हो गए। घटना के बाद शहर थाना पुलिस और जीआरपी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया, लेकिन खोल बरामद नहीं हुआ। जीआरपी चौकी ने जांच शुरू कर दी है।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे रोहतक फाटक खुला था। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक वहां से गुजरे। रेलवे लाइन पार करते ही उनकी स्कूटी फिसल गई। इसके बाद स्कूटी सवारों में से एक ने पीछे खड़े बाइक सवारों की तरफ देखकर हवाई फायर किया और फिर मौके से फरार हो गए।
इस मामले की जानकारी मिलते ही गुप्तचर विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। शहर थाना पुलिस टीम करीब 45 मिनट बाद घटनास्थल पर पहुंची। शहर थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई, लेकिन कोई खोल बरामद नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि जहां गोली चलने की सूचना मिली, वो जीआरपी का अधिकार क्षेत्र है।
वहीं फायरिंग की सूचना मिलने के बाद नायब तहसीलदार अभिमन्यु भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने रेलवे में तैनात गेटमैन से फायरिंग को लेकर पूछताछ की। घटना के बारे में कई प्रकार की चर्चा है लेकिन आरोपी न मिलने के कारण कारण पता नहीं चल सका।