फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: आरटीए टीम पर लगा तीन अंडरलोड ट्रालों को पकड़ने और दो चालकों से मारपीट का आरोप

Thu, 30 Nov 2023 09:26 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
 पार्किंग में खड़े जब्त किए गए तीनों ट्रॉले। संवाद
विज्ञापन
चरखी दादरी।
विज्ञापन

दो दिन पहले आरटीए टीम की ओर से तीन ट्रॉलों पर की गई कार्रवाई के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले को लेकर दादरी पहुंचे ट्रक, ट्रांसपोर्टर व चालक संयुक्त मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों ने टीम की कार्रवाई को नाजायज बताया है। संयुक्त मोर्चा पदाधिकारियों का कथित आरोप है कि टीम ने न केवल अंडरलोड वाहनों को ओवरलोड बताकर जब्त किया बल्कि दो ट्रॉलों के चालकों के साथ दुर्व्यवहार और हाथापाई भी की। इस मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर संयुक्त मोर्चा ने जिला प्रशासन के अलावा पुलिस विभाग को भी शिकायत सौंपी है। वहीं, सदर थाना प्रभारी तेजपाल सोनी का कहना है कि शिकायत मिली है और पुलिस अभी जांच कर रही है।

ट्रक, ट्रांसपोर्टर व चालक संयुक्त मोर्चा के प्रदेश प्रभारी मनजीत सिंह, सिरसा प्रभारी प्रीतम सिंह और सिरसा जिला प्रधान महेंद्र सिंह ने बताया कि 27 नवंबर को करीब तीन बजे तीन ट्रॉले एनएच 152 डी से गुजर रहे थे। दादरी सदर थाना के अधिकार क्षेत्र में आरटीए स्टाफ ने तीनों ट्रॉलों को रुकवा लिया। संयुक्त मोर्चा का कहना है कि तीनों ट्रॉलों में लोह चूर्ण (कच्चा लोह) था, जिसे मध्य-प्रदेश से पंजाब ले जाया जा रहा था।
विज्ञापन

संयुक्त मोर्चा पदाधिकारियों का कहना है कि दादरी आरटीए स्टाफ ने तीनों ट्रॉलों को ओवरलोड बताया जबकि ये अंडरलोड थे। इसके बाद टीम इन ट्रॉलों को धर्मकांटे पर ले गई। मनजीत सिंह और प्रीतम सिंह ने बताया कि धर्मकांटे पर वजन करने के दौरान तीन-तीन कर्मचारी ट्रॉले में चढ़ गए और चालक ने इससे लोड बढ़ने की बात कही तो दो ट्रॉलों के चालक राजस्थान निवासी सुनील कुमार और दिलखुश गुर्जर के साथ मारपीट की गई। इसके बाद तीनों ट्रॉलों को पार्किंग में खड़ा करवाया गया। इस मामले का पता चलने पर संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारी वीरवार सुबह आरटीए कार्यालय पहुंचे, लेकिन उन्हें वहां कोई अधिकारी हाजिर नहीं मिला।

- पहले सीटीएम और फिर एसएचओ को दी शिकायत
संयुक्त मोर्चा पदाधिकारियों ने बताया कि बुधवार को इस मामले में वो डीसी से मिलने पहुंचे थे। डीसी के कार्यालय में मौजूद न होने पर उन्हें सीटीएम आशीष सांगवान के पास भेजा गया। बुधवार को उन्होंने पहले सीटीएम और फिर सदर थाना प्रभारी को शिकायत सौंपी। वीरवार दोपहर संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारी फिर लघु सचिवालय पहुंचे और डीसी मनदीप कौर से मुलाकात की।

-टीम पर लगाए ये आरोप
संयुक्त मोर्चा पदाधिकारियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि आरटीए टीम की कार्रवाई सरासर गलत है। टीम ने चालकों पर दबाव बनाकर पार्किंग में खड़े ट्रॉलों का हॉर्न बजवाया और इसके बाद प्रेशर हॉर्न का चालान भी किया। संयुक्त मोर्चा ने डेंजर्स ड्राइवर का चालान करने के साथ चालकों से दुर्व्यवहार और मारपीट का भी आरोप लगाया। संयुक्त किसान मोर्चा पदाधिकारियों का कहना है कि दो ट्रॉलों के साढ़े 21 हजार के जबकि तीसरे का साढ़े 31 हजार का चालान किया गया।
विज्ञापन



दादरी आरटीए टीम की कार्रवाई सरासर नाजायज है। अंडरलोड होते हुए भी तीन ट्रॉले जब्त किए गए जबकि कार्रवाई को गलत बताने पर चालकों से मारपीट की गई। हमारी दादरी प्रशासन से मांग है कि मामले पर संज्ञान लेकर कड़ी कार्रवाई करे।
मनजीत सिंह, प्रदेश प्रभारी, ट्रक, ट्रांसपोर्टर एवं चालक संयुक्त मोर्चा



इस संबंध में एक शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसकी अनुरूप कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-तेजपाल सोनी, एसएचओ, चरखी दादरी सदर थाना
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें