विधायक नैना सिंह चौटाला ने बताया कि सरकार की ओर से बाढड़ा हलके के 9 गांव के दस तालाबों में पानी पहुंचाने की स्थायी व्यवस्था करने के लिए बजट राशि स्वीकृत कर दी गई है। तालाबों तक पानी पहुंचाने के लिए गांव के पास से गुजरने वाली नहर से सीधी पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इससे समय-समय पर तालाबों में जलापूर्ति की जा सकेगी और पशुओं के लिए पानी की किल्लत से जूझ रहे किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा।
नैना सिंह चौटाला ने बताया की हलका के लोगों ने गांवों का दौरा करते समय उनके समक्ष तालाबों तक नहरी पानी पहुंचाने की व्यवस्था न होने की समस्या रखी थी। इसके बाद इन गांवों को चिह्नित कर विभाग की मार्फत एस्टीमेट तैयार करवाकर मुख्यालय भिजवाए गए। उन्होंने बताया कि हाल ही में सरकार ने 2.56 करोड़ का बजट स्वीकृत कर दिया है। नैना चौटाला ने बताया कि तालाब में पानी पहुंचाने की व्यवस्था न होने से पशुपालक परेशान थे और अब बजट स्वीकृत होने से जल्द ही उनकी परेशान दूर हो जाएगी। नैना चौटाला ने बताया की पाइपलाइन बिछाने का कार्य जल्द शुरू करवाने के लिए विभाग ने टेंडर प्रक्रिया पर काम शुरू कर दिया है। जल्द ही आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर दी जाएंगी।
- इन गांवों के तालाबों में पहुंचेगा नहरी पानी
सरकार की ओर से स्वीकृत बजट अनुसार गांव झोझूखुर्द के पिलीया जोहड़ में पानी की स्थाई व्यवस्था करवाई जाएगी। इसके साथ बलाली के पातुवाली तालाब, मकड़ाना के नरवाला जोहड़, कलाली के मुख्य तालाब, महराणा के मुख्य तालाब, धनासरी के केसाना तालाब, गांव रूदड़ोल के झाहलेवाला तालाब, गोपालवास के गुडलीवाला जोहड़, बधवाना के जाटीवाला और पालावाली जोहड़ तक नहर से पाइपलाइन बिछाई जाएंगी।