बौंदकलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का मरम्मत कार्य शुरू होने का इंतजार लंबा खींचता जा रहा है। डेढ़ साल पहले स्वास्थ्य विभाग इस काम के लिए पीडब्ल्यूडी को 74 लाख का बजट ट्रांसफर कर चुका है। दूसरी ओर छत से कई बार मलबा गिरने के चलते स्टाफ सदस्य भय के साये में काम करने को विवश हैं।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पीडब्ल्यूडी ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। एजेंसी जल्द ही काम शुरू कर देगी। सीएचसी भवन की मरम्मत के साथ यहां सेवाओं का दायरा बढ़ाने की भी योजना है।
बौंदकलां सामुदायिक केंद्र के भवन की मरम्मत की दरकार पिछले लंबे समय से बनी हुई है। दिसंबर 2021 में सरकार ने इसके लिए भेजे गए एस्टिमेट को स्वीकृति दी थी। इससे पहले स्वास्थ्य विभाग ने पीडब्ल्यूडी की मार्फत 74 लाख का एस्टिमेट तैयार करवाया था। स्वीकृति के कुछ दिन बाद ही सरकार ने इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को बजट भी जारी किया था। फरवरी 2022 में स्वास्थ्य विभाग ने यह बजट पीडब्ल्यूडी को ट्रांसफर कर दिया था, लेकिन 10 अक्तूबर तक भी काम धरातल पर शुरू नहीं हुआ।
सीएचसी पर 24 गांवों की आबादी है निर्भर
बौंदकलां सीएचसी पर करीब 24 गांवों की आबादी निर्भर है। इसके अधीन प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र और उप स्वास्थ्य केंद्र भी आते हैं। सीएचसी की दैनिक ओपीडी करीब 70 रहती है और एक माह में करीब 1500 से अधिक मरीज यहां स्वास्थ्य जांच और उपचार के लिए पहुंचते हैं। सीएचसी का भवन काफी पुराना है और इसके चलते यहां कई बार छत और छज्जे से मलबा टूटकर गिर चुका है।
ये होने हैं काम
इस बजट से सीएचसी में मरम्मत के साथ जरूरत अनुसार नया फर्श भी डाला जाएगा। छत की मरम्मत भी इसके तहत ही होगी। क्षतिग्रस्त दरवाजों, खिड़कियों और रोशनदान को भी दुरुस्त किया जाएगा। इसके अलावा निर्माण संबंधी अन्य कमियों को भी इस बजट राशि से दूर किया जाएगा।
15 कर्मचारी हैं सीएचसी पर तैनात
बौंदकलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 15 कर्मचारी तैनात हैं। इनमें मेडिकल ऑफिसर के अलावा स्टाफ नर्स, एएनएम, फार्मासिस्ट और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। यहां समय-समय पर कर्मचारियों की वर्कशॉप भी आयोजित की जाती है। हालांकि सीएचसी पर कुछ पद अभी खाली पड़े हैं और लंबे समय से उन पर तैनाती का इंतजार है।
एजेंसी से मंगलवार को ही इसका अपडेट लिया गया है। तीन दिन के अंदर सीएचसी का मरम्मत कार्य शुरू हो जाएगा। इसके बाद यहां स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार की भी योजना है।
डॉ. संजय गुप्ता, डिप्टी सीएमओ