चरखी दादरी। इस साल नशाखोरों पर पुलिस का डंडा खूब चला है। 2021 में पुलिस ने शराब माफिया का नेटवर्क तोड़ अंग्रेजी और देसी शराब की 25 हजार से अधिक बोतलें बरामद कीं। वहीं, मादक पदार्थ तस्करों पर भी कार्रवाई करते हुए 75 किलोग्राम से अधिक सूखा नशा बरामद किया। पूरे साल जिले में 293 नशाखोरों की गिरफ्तारी हुईं और आबकारी व एनडीपीएस अधिनियम के तहत 248 मामले दर्ज हुए। इस साल पुलिस ने 20 में हत्याकांड मामले में 17 गुत्थी सुलझाई है।
सालभर जिला पुलिस नशा तस्करों पर हावी रही। आबकारी अधिनियम के इस साल जिले में 180 केस दर्ज हुए, जिनमें 206 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। इनसे 13728 बोतल अंग्रेजी और 4625 बोतल देसी शराब बरामद हुईं। डीएम एक्ट का उल्लंघन कर शराब बेचने पर 34 केस दर्ज हुए, जिनमें 74 आरोपी गिरफ्तारी हुए। इनमें 1259 बोतल अंग्रेजी शराब और 5449 बोतल देसी शराब बरामद हुई। वहीं, आबकारी अधिनियम और धारा 188 के तहत आठ केस दर्ज हुए जिनमें 11 आरोपी गिरफ्तार हुए और उनसे शराब की 235 बोतलें बरामद की गईं। 2020 में आबकारी अधिनियम के 145 केस दर्ज हुए थे। मादक पदार्थ तस्करी की बात करें तो जिले में तस्करों ने पूरे साल सुल्फा, गांजा और डोडा पोस्त समेत स्मैक और हेरोइन तक की सप्लाई करने के प्रयास किए। पुलिस ने 26 बार उनका प्रयास विफल किए। हालांकि तस्करों के कई प्रयासों में सफल रहने से भी इनकार नहीं किया जा सकता। पूरे साल एनडीपीएस एक्ट के तहत जिले में 26 केस दर्ज हुए जिनमें 39 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। इनसे 24 किलोग्राम सुल्फा, 23 किलोग्राम गांजा, 28 किलोग्राम डोडा पोस्त, 32 ग्राम स्मैक और 29 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
उत्तर प्रदेश से जिले में पहुंच रहे अवैध हथियार
जिले में पिछले साल आर्म्स एक्ट के 54 केस दर्ज हुए थे, जबकि इस साल संख्या कम है। इस साल अवैध हथियार रखने पर 51 आरोपी गिरफ्तार किए हैं। उनसे 39 पिस्टल और 52 कारतूस के अलावा अन्य हथियार बरामद हुए हैं। वहीं, कई मामलों की जांच में सामने आया कि जिले के युवा उत्तर-प्रदेश से अवैध हथियार खरीदकर लाते हैं।
कोई मंदिर में तो कोई स्कूल के पास जुआ खेलता पकड़ा
2020 में जिले के सभी थानों में जुआ अधिनियम के 64 केस दर्ज हुए और इनमें 123 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। आरोपियों से पुलिस ने चार लाख 97 हजार रुपये बरामद किए। पुलिस की दबिश के दौरान कोई मंदिर में तो कोई स्कूल की दीवार की आड़ में बैठकर रुपये दांव पर लगाकर ताश खेलता मिला। यहां तक की गांवों की चौपाल में जुआ खेलने तक के मामले सामने आए।
---
वर्जन::
अपराध की रोकथाम के लिए हम प्रयासरत हैं। मादक पदार्थ, शराब की अवैध बिक्री समेत अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर हमारा खुफिया नेटवर्क नजर रख रहा है और पूर्व में हमें कई सफलताएं भी मिली हैं। जिलावासियों से मेरी अपील है कि अपराध की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करें और असामाजिक व आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की सूचना पुलिस को दें। - दीपक गहलावत, एसपी।
फोटो 25
अवैध शराब समेत पकड़ा गया आरोपी।