फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेहत मुबारक... जिले में शत प्रतिशत लोगों को लगी वैक्सीन की पहली डोज

विज्ञापन
बौंदकलां क्षेत्र में घर पर पहुंचकर वैक्सीन लगाती टीम। - फोटो : CharkhiDadri
विज्ञापन
चरखी दादरी। जिले में शत-प्रतिशत लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लगाने का लक्ष्य स्वास्थ्य विभाग ने सबसे पहले पूरा कर लिया है। फिलहाल जिले में 37 हजार लोगों को दूसरी डोज लगाना बाकी है, जिन्हें एक जनवरी से पहले कवर करने की योजना है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव और शहर में शाम को भी विशेष सेशन लगाएंगी। इन सेशन में उन लोगों को कवर किया जाएगा जो दिन में काम के चलते वैक्सीन नहीं लगवा पाए। ये सेशन दो दिन के अंतराल पर लगाए जाएंगे।
विज्ञापन

जिले में 3.76 लाख लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य मिला हुआ है। स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को इन सभी लोगों को पहली डोज लगाने का लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल कर लिया है। अब तक प्रदेश के किसी जिले ने भी पहली डोज लगाने का शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त नहीं किया है। दूसरी डोज की स्थिति भी जिले में काफी संतोषजनक है। शुक्रवार तक जिले में 300 लोग पहली और 40 हजार दूसरी डोज लगवाने से वंचित थे, जबकि रविवार शाम तक की स्थिति देखें तो शत-प्रतिशत लोग पहली डोज लगवा चुके हैं, जबकि 37 हजार लोगों की दूसरी डोज लंबित है। इन लोगों ने समयावधि पूरी होने पर भी दूसरी डोज हीं लगवाई है। अब इन लोगों को अगले चार दिन में कवर करने की योजना है।
जिला वैक्सीनेशन इंचार्ज एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. आशीष मान ने बताया कि 182 टीमें सोमवार से मेगा सेशन लगाकर दूसरी डोज से वंचित लोगों को कवर करेंगी। इसके लिए करीब साढ़े 500 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि सभी सीएचसी और पीएचसी पर उन लोगों की सूची भेजी जा चुकी है, जिनके दूसरे डोज लगवाने का समय हो चुका है। अब सीएचसी और पीएचसी स्तर की टीमें इन लोगों को कवर करेंगी। उन्होंने बताया कि कई लोगों के काम के चलते दिन के समय वैक्सीन लगवा पाने की समस्या थी। अब इसे दूर करते हुए शाम को भी विशेष सेशन लगाए जाएंगे और इस संबंध में टीमों को निर्देश दे दिए गए है।
विज्ञापन

चार से सात तक टीकाकरण के लिए बनाई विशेष टीमें
दूसरी डोज से वंचित लोगों को कवर करने के लिए वैसे तो स्वास्थ्य विभाग ने 182 टीमें बनाई हैं, इनमें 10 टीमें शहर के लिए और 172 गांवों के लिए गठित हैं। इन्हीं टीमों को दो दिन के अंतराल पर शाम को चार से सात बजे तक विशेष सेशन लगाने के निर्देश दिए हैं। उस दिन सुबह नौ से लेकर शाम चार बजे तक भी वैक्सीनेशन सेशन लगेगा।
शहर में नौ हजार तो गांवों में 28 हजार लोग दूसरी डोज से वंचित
जिला वैक्सीनेशन इंचार्ज डॉ. मान ने बताया कि शहर में नौ हजार और गांवों में 28 हजार लोगों ने समय होने पर भी दूसरी डोज नहीं लगवाई है। पहली डोज लगभग शत प्रतिशत लोगों को लगाई जा चुकी है और अब विभाग की दूसरी डोज से वंचित लोगों को कवर करने की योजना है।
तीन दिन से गांवों में जा रहे अधिकारी, 6143 ने लगवाई वैक्सीन
पिछले तीन दिनों से डीसी और एडीसी के अलावा अन्य अधिकारी गांवों में जाकर लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित कर रहे हैं। प्रशासन के इस प्रयास के सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े अनुसार अधिकारियों के गांव में पहुंचने पर तीन दिनों में 6143 लोग वैक्सीन लगवा चुके हैं।
पिछले छह दिनों में ये है वैक्सीनेशन की गति
तारीख टीकाकरण
25 दिसंबर 1803
24 दिसंबर 2620
23 दिसंबर 1720
22 दिसंबर 1220
21 दिसंबर 1080
20 दिसंबर 1150
जिले में लगभग शत-प्रतिशत लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है और अगले चार से पांच दिन में दूसरी डोज से वंचित 37 हजार लोगों को कवर करने की विभाग की योजना है। लोगों से अपील है कि अगर जिले में अभी भी कोई वैक्सीन की पहली डोज से वंचित है तो तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर टीकाकरण करवाए।
विज्ञापन

डॉ. आशीष मान, डिप्टी सीएमओ एवं वैक्सीनेशन इंचार्ज
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें