जंतर-मंतर पर पहुंचे मौड़ी के ग्रामीण बजरंग पूनिया और विनेश फौगाट के साथ।
चरखी दादरी। फौगाट खाप-19 के अधीन आने वाले मौड़ी गांव से शनिवार को ग्रामीणों का जत्था जंतर-मंतर के लिए रवाना हुआ। वहां पहुंचकर जत्थे में शामिल ग्रामीणों ने धरना दे रहे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया और उन्हें हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रधान बलवंत सिंह फौगाट ने कहा कि धरने को लंबा समय हो गया है, लेकिन इसका कोई सकारात्मक परिणाम नहीं आया है बल्कि देश को ओलंपिक में मेडल दिलाने वालीं बेटियां आज अपमानित हो रही हैं। पिछले कई दिनों से बीजेपी सांसद व रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ धरना दे रही हैं, लेकिन सरकार संज्ञान नहीं ले रही। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बेटियों को न्याय दिलाने के लिए फौगाट खाप-19 उनके साथ खड़ी है।
खाप के सचिव सुरेश फौगाट ने बताया कि शनिवार को गांव मौड़ी से सोमबीर सिंह, शिव कुमार, बिजेंद्र, ढिल्लू, रणबीर फौजी, बनवारी मास्टर, अजीत फौगाट, सुखबीर फौगाट, कैप्टन चंद्रभान सहित अन्य ग्रामीण अपने साथ पहलवानों के लिए लस्सी, फल लेकर जंतर-मंतर पर पहुंचे। उन्होंने फौगाट खाप-19 की तरफ से पूर्ण समर्थन दिया।