सड़क हादसे में घायल व्यक्ति ने पीजीआई में तोड़ा दम
मृतक के भतीजे के बयान पर सदर थाना पुलिस ने हादसे के आरोपी ट्रक चालक पर दर्ज किया केस
चरखी दादरी। दादरी-भिवानी रोड पर चरखी गांव के समीप गत 18 फरवरी को हुए सड़क हादसे में घायल व्यक्ति ने रोहतक पीजीआई में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सदर थाना पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया और उसके भतीजे के बयान पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में झज्जर जिले के गांव खेड़ा थरु निवासी इंद्रजीत ने बताया कि वो अपने चाचा बिजेंद्र, नवरत्न और धर्मेंद्र के साथ शादी समारोह में शिरकत करने मानकावास गए थे। वहां से लौटते समय जब वो चरखी अड्डे से निकले तो रात के समय एक चालक ने अपना ट्रक बिना इंडिकेटर जलाए ही सड़क पर खड़ा कर रखा था। उनकी गाड़ी ट्रक से टकरा गई और हादसे में उसका चाचा बिजेंद्र के अलावा नवरत्न घायल हो गया। बिजेंद्र को प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया जबकि नवरत्न का उपचार शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पीजीआई में उपचाराधीन बिजेंद्र की हादसे में लगी चोटों के कारण मौत हो गई। मृतक के भतीजे इंद्रजीत के बयान पर सदर थाना पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। संवाद