चरखी दादरी। शहीद दलबीर सिंह राजकीय स्कूल परिसर में 25 दिन से बारिश का पानी भरा हुआ है। पानी की निकासी न होने से खफा लोगों ने सोमवार दोपहर सरदार झाडू सिंह चौक के समीप जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम विरेंद्र सिंह ने जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ को तुरंत प्रभाव से स्कूल परिसर से पानी निकासी करवाने के आदेश दिए।
शहर के शहीद दलबीर सिंह राजकीय स्कूल परिसर में जुलाई के पहले सप्ताह में हुई बारिश के बाद से ही पानी भरा हुआ है। लोगों का कहना है कि एक ओर यहां इससे खिलाड़ियों का अभ्यास छूट गया है तो दूसरी ओर यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या से वे विभाग समेत प्रशासन को भी अवगत करवा चुके हैं, लेकिन अभी तक निकासी की कवायद शुरू नहीं हुई है। इससे खफा लोग सोमवार दोपहर 12 बजे एकत्रित होकर सड़क पर उतर आए। उन्होंने अवरोधक डालकर सरदार झाडू सिंह चौक के समीप सड़क जाम कर दी। जाम की सूचना मिलने के बाद दोपहर 12:45 पर सिटी थाना प्रभारी एसआई बलबीर सिंह मौके पर पहुंचे। इस दौरान लोगों ने उन्हें हालातों से अवगत करवाया। सिटी थाना प्रभारी ने मौके पर अधिकारियों को बुलाने का आश्वासन देते हुए जाम खोलने की मांग की, लेकिन लोगों ने इनकार कर दिया। इसके बाद थाना प्रभारी ने कहा कि जब तक अधिकारी यहां नहीं पहुंचेंगे, तब तक वो यहां से नहीं जाएंगे। उनकी इस बात पर सहमति जताते हुए लोगों ने एक बजे जाम खोल दिया। जाम खोलने के बाद एसडीएम विरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ को उन्होंने तुरंत मोटर या पंप सेट के जरिये स्कूल में भरे पानी की निकासी करवाने के आदेश दिए। इस मौके पर पूर्व पार्षद राजेश, रिंपी फौगाट, पप्पल फौगाट, धीरज जैन, सोंटू फौगाट, सुरेश फौगाट, कोच ओमप्रकाश ग्रेवाल, नीटा, अनिल, नवीन, पप्पी, राजा, डब्बू, दीपक, सुरेंद्र, राजा, अमित, जीतू व सोमबीर आदि मौजूद थे।
एसडीएम के साथ 30 मिनट तक चली लोगों की बैठक
एसडीएम ने प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए भी बुलाया। करीब 30 मिनट तक दोनों पक्षों में बातचीत चली और एसडीएम ने लोगों को अगले दो दिन के अंदर ही पानी निकासी का कार्य पूरा करवाने का आश्वासन देकर वहां से भेजा। इससे पहले उन्होंने एसडीओ को इस समस्या पर प्राथमिकता से संज्ञान लेने के आदेश भी दिए।
अमर उजाला के मुद्दा उठाने के बाद डीईओ ने लिखा था पत्र
अमर उजाला ने गत 23 जुलाई के संस्करण में राजकीय स्कूल परिसर में जलभराव होने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। अमर उजाला ने ‘राजकीय स्कूल का मैदान बना तालाब, शौचालय भी डूबे...कैसे पढ़ाई करेंगे विद्यार्थी’ नामक शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होते ही जिला शिक्षा अधिकारी जयप्रकाश संभ्रवाल ने पानी निकासी करवाने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग को पत्र भी लिखा था।