चरखी दादरी/झोझूकलां।
कस्बा निवासी एक रिटायर्ड सैनिक के घर को चोरों ने सोमवार दिनदहाड़े निशाना बना लिया। चोर यहां से साढ़े दस लाख की नकदी समेत सोने के गहने ले गए। मकान मालिक ने मामले की शिकायत झोझूकलां थाने में दी, जिसके आधार पर पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वारदात के समय घर पर कोई नहीं था और मकान मालिक प्लॉट की रजिस्ट्री करवाने दादरी आया हुआ था। प्लॉट की रजिस्ट्री के लिए ही उसने यह रुपये एकत्रित कर रखे थे।
पुलिस को दी शिकायत में झोझूकलां निवासी राजेंद्र ने बताया कि वह सेना से रिटायर्ड है। उसके बेटे गांव में रहते हैं, जबकि वह स्टेडियम के समीप बाहरी क्षेत्र में मकान में रहता है। राजेंद्र ने बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह प्लॉट की रजिस्ट्री करवाने के लिए दादरी गया था और जाने से पहले उसने मकान के कमरों और दरवाजे के ताले ठीक से बंद किए थे। करीब दो बजे वह दादरी से लौटा तो उसे घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। इसके बाद जब वह कमरे में पहुंचा तो वहां भी ताला टूटा मिला। राजेंद्र ने बताया कि कमरे में रखे सामान की जब उसने जांच की तो वहां से साढ़े दस लाख की नकदी समेत सोने की गलसरी, कानों की बाली और मंगलसूत्र समेत करीब तीन तोले के गहने चोरी मिले। इसके तुरंत बाद उसने मामले की सूचना डायल 112 पर दी। इसके कुछ देर बाद ही ईआरवी टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस को पीड़ित ने शिकायत भी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी के अनुसार शिकायतकर्ता रुपयों के लेन-देन का काम भी करता है और उधार दी गई कुछ रकम उसके पास वापस आई थी। फिलहाल वो प्लॉट की रजिस्ट्री भी करवा रहा था, जिसके चलते उसने रुपये एकत्रित किए थे। चोर एक ही झटके में उसकी जमा पूंजी लेकर चंपत हो गए।
तीन ताले तोड़कर वारदात को दिया अंजाम
राजेंद्र के घर की गई वारदात को चोरों ने बड़े इतमिनान से अंजाम दिया। इसके लिए चोरों ने सबसे पहला ताला मेन गेट का तोड़ा गया। यहां से होते हुए चोर अंदर बैठक तक पहुंचे। इसके बाद बैठक का और फिर अंदर रखी अलमारी का ताला तोड़ा गया।
एक लाख का कैश बच गया चोरी होने से
राजेंद्र के घर के जिस कमरे से चोरों ने साढ़े दस लाख की नकदी और सोने के गहने चोरी किए हैं, उसी कमरे में एक लाख की नकदी एक अलग बॉक्स में रखी हुई थी। इस बॉक्स पर चोरों की नजर नहीं पड़ी और करीब एक लाख रुपये चोरी होने से बच गए।
इस संबंध में हमें एक शिकायत मिली है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर लेगी। - जसमेर गुलिया, प्रभारी, झोझूकलां थाना
वारदात के बाद कमरे में खुली पड़ी अलमारी और बिखरा पड़ा सामान।- फोटो : CharkhiDadri