संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर के महेंद्रगढ टी प्वाइंट पर वीरवार दोपहर बाद हुआ एक हादसा निहालगढ़ निवासी दो परिवारों को जीवनभर का दर्द दे गया। इस हादसे ने न सिर्फ दो परिवारों के कमाऊ सपूत छीन लिए, वरन पति की मौत के बाद पुत्रों के ही भरोसे जिंदगी काट रहीं दो महिलाओं के बुढ़ापे की लाठी भी तोड़ दी। हादसे में दम तोड़ने वाले मोहन (35) के पिता रामेश्वर की पहले मौत हो चुकी है। वह अपनी मां का इकलौता सहारा था। मोहन अटेला कलां में जनस्वास्थ्य विभाग में की-मैन के पद पर तैनात था। वहीं, दो भाइयों में बड़ा राहुल (23) खेती करता था और पिता महासिंह की मौत के बाद वही परिवार का सहारा था।
बता दें कि निहालगढ़ निवासी राहुल, मोहन और महेश आई-20 कार में सवार होकर महेंद्रगढ़ से दादरी की तरफ आ रहे थे। जब वे महेंद्रगढ़ टी-प्वाइंट के पास पहुंचे तो उनकी कार भिवानी की तरफ मुड़ रही कॉलेज की बस से टकरा गई। जोरदार धमाका हुआ तो ऑटो मार्केट के दुकानदार अपनी दुकानों से बाहर निकल आए। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया और कार सवार युवकों को बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए। करीब पांच मिनट बाद ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार सवार तीनों युवकों को बाहर निकाला। उन्हें कुछ देर बाद ही अस्पताल पहुंचा दिया गया जहां चिकित्सकों ने राहुल और मोहन को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में बस चालक ऋषि भी घायल हो गया।
टक्कर के बाद कार से उठा धुआं
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस से टकराने के बाद कार के अगले हिस्से में काफी धुआं निकल रहा था। किसी ने अग्निशमन यंत्र लाकर आग बुझाई। बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
हादसे में दम तोड़ने वाले मोहन और राहुल शादीशुदा थे। मोहन के दो बच्चे हैं, जबकि राहुल एक बेटी का पिता था। इस एक हादसे से तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। हादसे के बाद से दोनों के परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है।
25 मिनट तक यातायात व्यवस्था रही प्रभावित
हादसा महेंद्रगढ़ टी-प्वाइंट पर हुआ। दोनों वाहन काफी देर तक सड़क पर ही खड़े रहे और इसके चलते यातायात व्यवस्था करीब 25 मिनट तक प्रभावित रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचने के कुछ देर बाद ही दोनों वाहनों को साइड में लगाकर यातायात व्यवस्था बहाल करवाई।
दो दिन में दूसरा बड़ा हादसा
दो दिन के भीतर दूसरे बड़े सड़क हादसे ने जिलावासियों को बड़ा दर्द दिया है। बुधवार सुबह जहां गांव सीहा के समीप हुए हादसे में चांगरोड निवासी एक ही कुनबे के पांच लोगों की मौत हुई थी तो वहीं वीरवार को हुए हादसे में निहालगढ़ गांव के दो युवाओं ने दम तोड़ दिया।
इस संबंध में मृतक राहुल के भाई प्रवीन के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार सुबह करवाया जाएगा। - रमेश कुमार, एसएचओ, सिटी थाना।
फोटो 36
सिविल अस्पताल में उपचाराधीन हादसे में घायल महेश। संवाद
फोटो 37
घटनास्थल पर दर्द से कराहता घायल बस चालक ऋषि। संवाद
फोटो 39
हादसे के बाद महेंद्रगढ़ चौक के समीप लगे जाम में फंसे वाहन। संवाद
फोटो 40
हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम। संवाद