झोझूकलां। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की रोहतक की टीम ने कलियाणा क्रशर जोन के समीप से बाइक सवार तस्कर को धरदबोचा। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 515 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। इसके तुरंत बाद टीम ने उसे काबू कर लिया और उसके खिलाफ झोझूकलां थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज करवाया। आरोपी की पहचान रोहतक के कमल कॉलोनी निवासी अमन के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की रोहतक टीम कलियाणा क्रशर जोन के समीप मौजूद थी। टीम को सूचना मिली कि रोहतक के कमल कॉलोनी निवासी अमन नशीला पदार्थ बेचता है। वह बाइक से कलियाणा बाईपास पर नशीली पदार्थ को बेचने के लिए आ रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने कलियाणा बाईपास पर नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद टीम को बाइक सवार आता दिखाई दिया। पास पहुंचने के बाद बाइक सवार की नजर जब टीम पर पड़ी, तो उसने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया और उसी दौरान संतुलन बिगड़ने के चलते तस्कर सड़क पर गिरकर घायल हो गया। संदेह के आधार पर उसे काबू कर तलाशी ली गई तो उसके पास से 515 ग्राम गांजा बरामद हुआ। नारकोटिक्स टीम की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।