चरखी दादरी। निकाय चुनाव के मद्देनजर प्रत्याशियों द्वारा प्रचार के विभिन्न माध्यमों पर खर्च की जा रही राशि पर चुनाव निर्वाचन आयोग की नजर है। आयोग ने प्रत्याशियों को खर्च रजिस्टर में सारा ब्योरा पहले ही दर्ज करने के निर्देश दे दिए थे और उसी के निर्देशानुसार अब तक हुए खर्च का प्रत्याशियों को आज ब्योरा देना होगा। इसके लिए सुबह 11 बजे रेस्ट हाउस में प्रत्याशियों को बुलाया गया है। अगर कोई प्रत्याशी अपना खर्च रजिस्टर मेंटेन नहीं कर पाता है तो उसके अगला चुनाव लड़ने पर पाबंदी लगेगी। 2016 के निकाय चुनाव में 30 प्रत्याशियों ने खर्च का ब्योरा नहीं दिया था।
दादरी निकाय चुनाव के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम अनिल यादव ने बताया कि प्रचार के लिए प्रत्याशियों द्वारा खर्च की जा रही राशि पर खर्च ऑब्जर्वर की पूरी नजर है। उन्हें प्रत्येक खर्च का ब्योरा खर्च रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक हुए खर्च का ब्योरा 15 जून को सुबह 11 बजे तक प्रत्याशियों को देना होगा।
उन्होंने बताया कि सड़कों पर दौड़ने वाले प्रचार वाहनों, कार्यालय में की गई कुर्सियां समेत अन्य व्यवस्थाओं के अलावा होर्डिंग्स और बैनर पर आने वाले खर्च पर भी नजर रखी जा रही है। प्रत्याशियों से अपील है कि वो खर्च का सही ब्योरा दर्ज करवाएं। समय पर खर्च रजिस्टर जमा न करवाने पर प्रत्याशी के अगला चुनाव लड़ने पर पाबंदी लग सकती है। उन्होंने बताया कि खर्च की ऑडिट के लिए सभी प्रत्याशी तय समय पर पहुंचे।
- जानिए... गत चुनाव में किस वार्ड से कितने प्रत्याशियों ने नहीं दिया खर्च का ब्योरा
2016 निकाय चुनाव में वार्ड-एक से एक, दो से दो, तीन से एक, चार से पांच, पांच से चार, सात से एक, आठ से एक, नौ से दो, 12 से एक, 13 से दो, 14 से एक, 15 से तीन, 16 से दो, 18, 20 व 21 वार्ड से एक-एक प्रत्याशियों ने खर्च का ब्योरा नहीं दिया था।
उम्मीदवार खर्च रजिस्टर में अपने खर्चे सही से दर्ज करें और तय समय पर ब्योरा उपलब्ध करवाएं। खर्च रजिस्टर सही से मेंटेन न करने पर प्रत्याशी के अगला चुनाव लड़ने पर बैन लग सकता है।
- अनिल यादव, एसडीएम एवं चुनाव रिटर्निंग अधिकारी।