चरखी दादरी। निकाय चुनाव को लेकर सभी 11 प्रत्याशी चुनावी रण में अपनी पूरी ताकत लगा रहे हैं। नामांकन प्रक्रिया के दौरान इन प्रत्याशियों ने उनके पास मौजूद नकदी, गहनों व जमीन का ब्योरा जमा करवाया है। इसके मुताबिक निर्दलीय रविंद्र गुप्ता सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। उनके पास सर्वाधिक 53.41 लाख नकदी और गहने हैं जबकि एक करोड़ 80 लाख रुपये कीमत की उनके नाम पर जमीन है। वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी अनीता जांघू के पास सबसे कम नकदी है और उनके नाम कोई जमीन भी नहीं है।
बता दें कि चेयरमैन के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान 12 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल करवाए थे। नामांकन फार्म जमा करवाने वाले प्रत्याशियों में से एक महिला उम्मीदवार कवरिंग प्रत्याशी थी और उन्होंने अपना नामांकन फार्म वापस ले लिया था। इसके बाद 11 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं। जिनमें से चार राजनैतिक संगठनों के प्रत्याशी हैं जबकि सात निर्दलीय तौर पर अपना दम दिखा रहे हैं। इनमें से एक प्रत्याशी डॉक्टर राजेश शर्मा अपने ही संगठन के खिलाफ टिकट न मिलने पर आवाज मुखर कर चुके हैं। उन्होंने पार्टी में पद से इस्तीफा देकर पर्चा भरा था। चेयरमैन का चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की संपत्ति का ओवरऑल ब्योरा देखें तो रविंद्र गुप्ता के पास सबसे अधिक नकदी, गहने व संपत्ति है जबकि भाजपा प्रत्याशी बक्शीराम सैनी इस सूची में दूसरे नंबर पर हैं।
निर्दलीय उम्मीदवार संदीप कुमार के पास 7 लाख 53 हजार कैश है जबकि उनके नाम 26 लाख रुपये कीमत की जमीन है। इसी प्रकार प्रत्याशी विरेंद्र पप्पू के पास छह लाख 70 हजार नकदी है जबकि 25 लाख रुपये कीमत की उनके नाम जमीन है। डॉक्टर राजेश शर्मा के पास 16 लाख 75 हजार रुपये नकदी है जबकि 25 लाख रुपये कीमत की उनके नाम जमीन है। बसपा प्रत्याशी बलराज फौगाट के पास 31 लाख 67 हजार नकदी है जबकि 82 लाख 57 हजार रुपये कीमत की उनके पास जमीन है। आप प्रत्याशी शिवेंद्र उर्फ रिंपी फौगाट के पास एक लाख 9 हजार रुपये नकदी है जबकि 75 लाख रुपये कीमत की जमीन उनके नाम है। निर्दलीय प्रत्याशी रामफल के पास 13 लाख रुपये नकदी है जबकि 40 लाख रुपये कीमत की जमीन है। चेयरमैन पद की इकलौती महिला प्रत्याशी अनीता जांघू के पास पांच लाख 74 हजार रुपये नकदी है जबकि उनके नाम जमीन नहीं है। निर्दलीय प्रत्याशी मनोज के नाम कोई जमीन नहीं है और उनके पास सात लाख 75 हजार रुपये नकदी है। भाजपा प्रत्याशी बक्शीराम सैनी के पास आठ लाख 60 हजार रुपये नकदी है जबकि उनके नाम डेढ़ करोड़ रुपये कीमत की जमीन है। इनेलो प्रत्याशी राहुल वत्स के पास 11 लाख 73 हजार रुपये नकदी है जबकि 18 लाख रुपये कीमत की जमीन है।
- जानिए... कौन प्रत्याशी कितना पढ़ा-लिखा
इनेलो प्रत्याशी बीए पास है जबकि भाजपा प्रत्याशी बारहवीं पास है। निर्दलीय उम्मीदवार मनोज बीसीए पास है। रविंद्र गुप्ता बीकॉम पास है। अनीता जांघू बीएससी- बीएड हैं। प्रत्याशी रामफल बीए पास है। वहीं, आप प्रत्याशी शिवेंद्र उर्फ रिंपी फौगाट दसवीं पास है। बसपा प्रत्याशी बलराज फौगाट बीए पास हैं। निर्दलीय प्रत्याशी डॉक्टर राजेश शर्मा बीएएमएस हैं। उम्मीदवार विरेंद्र पप्पू बीए पास है जबकि संदीप कुमार 12वीं पास है।
- 79 में से आठ प्रत्याशियों पर आपराधिक मामले हैं दर्ज
निकाय चुनाव में इस समय 78 प्रत्याशी चेयरमैन और पार्षद पद की दौड़ में शामिल हैं। पार्षद के लिए 67 और चेयरमैन के लिए 11 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। पार्षद और चेयरमैन के आठ प्रत्याशी ऐसे हैं जिनके खिलाफ पहले से ही आपराधिक मामले दर्ज हैं। सूत्रों के अनुसार कुछ प्रत्याशी उन मामलों में बरी भी हो चुके हैं।