पंचायत विभाग की ओर से जिले के 36 गांवों में नॉलेज सेंटर बनाए जाएंगे। इसके लिए प्रदेश सरकार ने 24 करोड़ 70 लाख का बजट मंजूर कर दिया है। अगले एक सप्ताह के अंदर चारों ब्लॉक में गांवों के चयन की प्रक्रिया पूरी होगी और इसकी सूची तुरंत मुख्यालय भेजी जाएगी। नॉलेज सेंटर में युवाओं को डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा मिलेगी तो वहीं, सरपंच व ग्राम सचिव कार्यालय समेत विश्राम गृह और मीटिंग हॉल भी बनाया जाएगा। विधायक नैना चौटाला ने इसकी पुष्टि की है।
नैना सिंह चौटाला ने बताया कि सरकार द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार जिले के ऐसे 36 गांव का चयन किया जाएगा, जिनमें किसी तरह का सार्वजनिक पंचायत घर उपलब्ध नहीं है। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक स्थान के अभाव में ग्राम पंचायत को भी अपने कार्य को सुचारु रूप से चलाने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा समय-समय पर सरकार के लाभकारी नीतियों के बारे में लोंगो को विस्तारपूर्वक जानकारी देने के लिए आने वाले उच्च अधिकारियों के लिए भी कोई स्थान निश्चित नहीं हो पाता था।
उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक युग में प्रत्येक सरकारी सुविधा लेने के लिए ऑनलाइन ही आवेदन किया जाता है, जिसके लिए गांव स्तर पर सीएचसी सेंटर बनाए गए है। पंचायत भवन के अभाव में जन सुविधाओं से जुड़े इस तरह के सेंटरों का कुशल संचालन में भी बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और ग्रामीणों को भी जनहित की योजनाओं का सही लाभ नहीं मिल पाता। इसी सोच को ध्यान में सरकार ने दादरी जिले के 36 बड़े गांवो में नॉलेज सेंटर बनाने का निर्णय लिया है।
- प्रत्येक के निर्माण पर खर्च होंगे 68.60 लाख -
विधायक नैना सिंह चौटाला ने बताया कि सरकार द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार प्रत्येक गांव के नॉलेज सेंटर पर 68 लाख 60 हजार रुपये की लागत आएगी। जिसके एस्टीमेट बनाने के लिए आदेश दे दिए गए हैं। जल्द ही सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
- सचिवालय की तर्ज पर मिलेंगी सुविधाएं -
विधायक नैना सिंह चौटाला ने बताया कि पंचायत विभाग द्वारा बनाए प्रपोजल के अनुसार इन नॉलेज सेंटरों में सचिवालय जैसी सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि नॉलेज सेंटर में सरपंच कार्यालय, ग्राम सचिव कार्यालय, बड़ा मीटिंग हाल, सीएचसी सेंटर कक्ष बनाए जाएंगे। इसके अलावा दो कमरों का विश्रामगृह भी बनाया जाएगा।
- ये होगी शर्त -
नॉलेज सेंटर निर्माण के लिए गांव की आबादी कम से कम तीन हजार होना जरूरी है। इतना ही नहीं, गांव में किसी भी योजना के तहत कोई पंचायत घर नहीं बना होना चाहिए।
जानिए...किस ब्लॉक में बनेंगे कितने नॉलेज सेंटर -
ब्लॉक- संख्या
बाढड़ा-10
दादरी- 09
झोझूकलां-09
बौंदकलां- 08
वर्जन:
जल्द ही नॉलेज सेंटर बनाने के लिए गांवों के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। ये नॉलेज सेंटर गांवों को मॉडल गांव बनाने कि दिशा में बड़ा कदम साबित होंगे।
- नैना सिंह चौटाला, विधायक, बाढड़ा।
----