पुलिस-पब्लिक तालमेल समिति की बैठक में डीएसपी के समक्ष अपनी बात रखते पार्षद विनोद वाल्मीकि।
चरखी दादरी। मुख्यालय डीएसपी अशोक कुमार ने बुधवार को जिला पुलिस की ओर से गठित पुलिस पब्लिक तालमेल समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील करना और आमजन व पुलिस सहयोग को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि गैरकानूनी काम करने वाले लोगों की पुलिस को दें सूचना, नाम गुप्त रखकर पुलिस तुरंत कार्रवाई करेगी। इससे जनता और अधिकारियों के बीच फासले को खत्म किया जा सकता है और आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान संभव है।
डीएसपी अशोक कुमार ने कहा कि पुलिस तालमेल समिति न्याय और शांतिपूर्ण समाज के लिए जनता व पुलिस के बीच शांति एवं भाईचारा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि तालमेल समिति में जिले के हर क्षेत्र से जुड़े हुए व्यक्तियों को शामिल किया गया है और जिला पुलिस के साथ आमजन से तालमेल बनाने के उद्देश्य से ये कमेटी बनाई गई है। वे आपराधिक मामलों, अवैध शराब बेचने वालों, नशा करने और नशीले पदार्थों का कारोबार करने वालों की सूचना संबंधित थाना प्रबंधक को दें या कार्यालय पुलिस अधीक्षक में लगी शिकायत एवं सुझाव पेटी में भी अपनी शिकायत या सुझाव डाल सकते हैं।
डीएसपी ने कहा कि अपने-अपने एरिया में भाईचारा बनाए रखें। अगर पुलिस व जनता आपसी सहयोग के साथ कार्य करेंगे तो समाज में अपराध घटित होने की संभावनाएं कम हो जाएंगी क्योंकि पुलिस के साथ हर नागरिक का भी कर्तव्य बनता है कि अगर कही पर कोई अपराध घटित होता है या कही पर कोई किसी प्रकार की संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु नजर आती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।