बाढड़ा। सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि नूंह जैसी घटना से सालों पुराने भाईचारे को ठेस पहुंची है। इस तरह की घटना को रोकने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को किसी बहकावे में आने के बजाय सजगता बरतनी चाहिए। हिसार से कनीना तक तीन जिलों को जोड़ने वाले सड़क मार्ग को फोरलेन निर्माण की फाइल केंद्र सरकार की एनएचएआई के पास है। तब तक इसको अलग-अलग हिस्सों में दस मीटर चौड़ी सड़क का नवीनीकरण करवाने के लिए बजट आवंटित करवाया जा रहा है।
यह बात सांसद ने कस्बे के लोहारू रोड हनुमान मंदिर परिसर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए कही। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने सरकारी पैसे के सदुपयोग के लिए सांसद से लेकर विधायक, जिला परिषद, पंचायत समिति व ग्राम पंचायतों के लिए अलग -अलग शक्तियां व जिम्मेदारी निर्धारित कर दी हैं। प्रदेश सरकार के ग्राम दर्शन पोर्टल पर बिजली, पानी, सड़क जैसी अपनी समस्या का पंजीकरण करते ही संबधित विभाग को तुरंत सूचना दी जाती है। उन्होंने कहा कि आज युवाओं को नशे से बचाना बहुत जरूरी है।
कार्यक्रम में जिला परिषद चेयरमैन मंदीप डालावास, सहकारी बैंक चेयरमैन सुधीर चांदवास, भाजपा नेता रामबीर बेरला, आनंद फौजी, पूर्व चेयरमैन भल्लेराम बाढड़ा, बीडीपीओ मनोज कुमार, जिला पार्षद सुनील, अशोक कादमा, सीताराम शर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप सिंटी मौजूद रहे।