चरखी दादरी। आग लगने पर उस पर काबू पाने के लिए लघु सचिवालय में लगाए गए अग्निशमन यंत्रों की एक्सपायरी डेट बीत चुकी है, लेकिन जिला प्रशासन ने इन्हें अब तक रिफिल नहीं करवाया है। ऐसे में अगर आग की घटना हो जाती है तो दमकल विभाग को ही यहां पहुंच कर आग पर काबू पाना पड़ेगा। इस पूरी कवायद में काफी समय लगेगा, लेकिन तब तक आग काफी नुकसान पहुंचा सकती है।
संवाददाता ने शुक्रवार को लघु सचिवालय में लगे अग्निशमन यंत्रों की पड़ताल की तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि यहां लगे सभी 18 अग्निशमन यंत्र एक्सपायरी डेट के हैं। उनमें से एक भी सिलिंडर अब तक रिफिल नहीं हुआ है। बता दें कि आग जैसी घटनाओं पर काबू पाने के लिए सभी सरकारी विभागों में अग्निशमन यंत्र लगे होने जरूरी हैं। इन सिलिंडर को हर साल रिफिल करवाना जरूरी होता है। लेकिन लघु सचिवालय में लगे इन अग्निशमन यंत्रों पर नियमों का पालन नहीं हो रहा है। इन्हें रिफिल करवाने की तरफ किसी भी जिम्मेदार का ध्यान नहीं है।
लघु सचिवालय की अगर बात करें तो अलग-अलग कामों से प्रतिदिन 1500 से अधिक लोग यहां आते हैं। ग्राउंड फ्लोर के अलावा पहली और दूसरी मंजिल पर अधिकारियों के कार्यालय हैं। हर कार्यालय के समीप एक अग्निशमन यंत्र लगा हुआ है। सभी की एक्सपायरी डेट होने से इन सभी के सही से काम करने की संभावना कम ही है। ऐसे में आग लगने की घटना होने पर दमकल विभाग को ही कड़ी मशक्कत करनी होगी।
- ग्राउंड फ्लोर पर लगे हैं 9 यंत्र
लघु सचिवालय के ग्राउंड फ्लोर पर नौ अग्निशमन यंत्र लगे हैं। यहां सीटीएम और डीआरओ कार्यालय के अलावा सरल केंद्र है। वहीं, पहली मंजिल पर आठ अग्निशमन यंत्र लगे हैं और इस तल पर जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, डीडीपीओ समेत पुलिस विभाग की कई शाखाएं हैं। यहां पर रिकॉर्ड भी रखा हुआ है। दूसरी मंजिल पर एक अग्निशमन यंत्र लगा है। यहां गुप्तचर विभाग और पुलिस सुरक्षा शाखा का कार्यालय है।
लघु सचिवालय में लगे अग्निशमन यंत्रों को रिफिलि करने के लिए 28 अप्रैल को हिसार पत्र लिखा था। वहां से कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सोमवार को इस संबंध में दोबारा पत्र लिखेंगे।
-नरेंद्र सिंह, नगराधीश, चरखी दादरी
नगराधीश कार्यालय के समीप लगा अग्निशमन यंत्र।- फोटो : CharkhiDadri
अग्निशमन यंत्र पर लिखी 17 जनवरी 2022 की एक्सपायरी डेट।- फोटो : CharkhiDadri