चरखी दादरी। त्योहारी सीजन के चलते बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है और इसे देखते हुए पुलिस अलर्ट हो गई है। ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था के चलते पुलिस ने कोर्ट रोड पर चार पहिया वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है, जबकि दो सड़कें वन-वे की हैं। इन सड़कों व्यवस्था के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मी नियुक्त किए हैं। इसके साथ ही वारदात रोकने और संदिग्ध लोगों पर निगरानी रखने के लिए 100 से अधिक पुलिसकर्मी बाजार गश्त कर रहे हैं। बाजार में इस समय प्रतिदिन 50 हजार से अधिक लोग पहुंच रहे हैं।
जिला पुलिस कप्तान दीपक गहलावत ने कार्यभार संभालते ही पुलिस अधिकारियों की बैठक ली थी। पुलिस अधीक्षक ने त्योहारी सीजन के मद्देनजर ट्रैफिक थाना प्रभारी को रूट चार्ट तैयार करने व सुरक्षा शाखा को शहर में नाकाबंदी का खाका तैयार करने के निर्देश दिए थे। इस पर सुरक्षा शाखा और ट्रैफिक पुलिस ने पूरा खाका तैयार कर लिया है। इसके तहत कोर्ट रोड पर चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद किया गया है। वाहनों को रुकवाने के लिए परशुराम चौक और लाला लाजपतराय चौक पर नाके लगाए गए हैं। इन नाकों पर पांच पांच पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। आम दिनों की अगर बात करें तो इस मार्ग से करीब दस हजार दोपहिया और चार पहिया वाहन गुजरते हैं, लेकिन अब पांच नवंबर तक यहां से केवल दुपहिया वाहन चालक और पैदल राहगीर गुजर सकेंगे।
महिला पुलिस कर्मी सिविल कपड़ों में करेंगी गश्त
त्योहारी सीजन के दौरान बाजारों में भीड़ उमड़ने पर स्नैचिंग और जेब तराशी जैसी वारदातें होती हैं। इस बार पुलिस का फोकस है कि इस प्रकार की एक भी वारदात न हो। बाजारों में स्नैचर और जेब कतरों पर नजर रखने के लिए 100 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी गश्त के लिए लगाई गई है। महिला पुलिस भी सिविल कपड़ों में बाजारों में गश्त कर निगरानी रखेंगी। शहर में जेब तराशी की वारदात को अधिकतर महिलाएं या बच्चे अंजाम देते हैं।
त्योहारी सीजन में 17 हुई पुलिस नाकों की संख्या
जिले में त्योहारी सीजन को देखते हुए पुलिस नाकों की संख्या बढ़ाकर दोगुनी कर दी गई है। पहले जिले में नौ नाके थे, लेकिन अब 17 हो गए हैं। इनमें से नौ स्थायी नाके हैं और यहां 24 घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा आठ अस्थायी नाके हैं जिन पर रात नौ से सुबह पांच बजे तक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
फेस्टिवल सीजन में आठ करोड़ तक हो रहा है कारोबार
फेस्टिवल सीजन में सामान्य दिनों के मुकाबले करीब डेढ़ गुना कारोबार है। शहर में तीन हजार दुकानें हैं और प्रतिदिन कारोबार का आंकड़ा आठ करोड़ पर पहुंचा हुआ है। पिछले चार दिनों से लोगों की भीड़ बाजारों में खरीददारी करने उमड़ रही है और कारोबार से व्यापारी संतुष्ट भी है। नगर व्यापार मंडल ने त्योहारी सीजन के मद्देनजर पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने की मांग की थी। जिला पुलिस कप्तान ने वर्दी समेत साधारण कपड़ों में पुलिसकर्मियों को गश्त करने के निर्देश दिए है।
वर्जन:
त्योहारी सीजन में कारोबार की स्थिति ठीक है। हमने प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने की मांग की थी, ताकि व्यापारी व ग्राहक दोनों सुरक्षित रह सकें।
रविंद्र गुप्ता, प्रधान, नगर व्यापार मंडल
त्योहारी सीजन में ट्रैफिक और सुरक्षा दोनों पर हमारा फोकस है। इसके लिए पुलिस टीमों की ड्यूटियां लगा दी गई हैं। बाजार में पैदल गश्त करने के निर्देश भी दिए गए है।
दीपक गहलावत, एसपी
फोटो 11
परशुराम चौक पर लगाए गए नाके पर तैनात पुलिसकर्मी।
फोटो 12
सड़क पर लगी वाहनों की कतार।