चरखी दादरी। मूल रूप से दादरी निवासी एवं हिसार के विधायक डॉ. कमल गुप्ता को बुधवार दोपहर शहर पहुंचने पर किसानों ने काले झंडे दिखाए। इससे पहले रेस्ट हाउस की तरफ बढ़ रहे किसानों को पुलिस ने मोड़ पर ही रोक लिया और इससे खफा किसान मुख्य रोहतक रोड पर डेढ़ घंटे तक जाम लगा दिया। वहीं, एक शख्स ने तो विधायक की गाड़ी पर कीचड़ भी फेंका। हिसार के विधायक के जिले के दो दिवसीय दौरे को देखते हुए एसपी ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंधक होने का दावा किया है।
किसानों को सुबह सूचना मिली कि हिसार से भाजपा विधायक डॉ. कमल गुप्ता कार्यकर्ताओं की बैठक लेने जिले में पहुंच रहे हैं। वे वीरवार तक दादरी में रहकर दौरा करेंगे। इसकी सूचना मिलते ही फौगाट खाप-19 ने बाबा स्वामी दयाल धाम पर पंचायत हुई। पंचायत में विधायक का शांतिपूर्वक ढंग से विरोध करने की रूपरेखा तैयार की गई। खाप प्रधान बलवंत नंबरदार और सचिव सुरेश फौगाट ने कहा कि सभी प्रदर्शनकारी कानून के दायरे में रहते हुए ही विधायक का विरोध करेंगे। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पैदल ही रेस्ट हाउस के लिए कूच किया।
सुबह करीब साढ़े 11 पर किसान हाथ में काले झंडे लेकर रेस्ट हाउस मोड़ पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों के आने की सूचना मिलते ही पुलिस ने रेस्ट हाउस मोड़ पर बैरिकेड लगा दिए। किसानों ने बैरिकेड से आगे जाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस पर किसान रोहतक रोड पर बैठ गए और यहां ट्रैफिक व्यवस्था बाधित हो गई। करीब पौने एक बजे एसपी विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने किसानों से सड़क खाली करने का आग्रह किया। इसके बाद एसपी रेस्ट हाउस परिसर पहुंचे और उन्होंने विधायक कमल गुप्ता को स्थिति से अवगत करवाया। करीब एक बजे किसान सड़क से उठकर रेस्ट हाउस मोड़ पर लगाए गए बैरिकेड के पास आकर बैठ गए और उन्होंने विधायक को काले झंडे दिखाने के बाद ही लौटने की बात कही।
ढाई घंटे तक किया विधायक के वापस आने का इंतजार
करीब साढ़े 11 बजे रेस्ट हाउस मोड़ पर पहुंचे किसानों ने ढाई घंटे तक विधायक कमल गुप्ता के आने का इंतजार किया। एक बजकर 53 मिनट पर पहले एसपी विनोद कुमार बैरिकेड के पास पहुंचे और उन्होंने शांतिपूर्वक ढंग से ही विधायक का विरोध करने की बात कही। इससे किसान सहमत हो गए और दो मिनट बाद ही विधायक की गाड़ी वहां पहुंच गई। किसानों ने गाड़ी के सामने खड़े होकर विधायक को काले झंडे दिखाए। एसपी स्वयं गाड़ी के सामने अड़े प्रदर्शनकारियों को हटाते नजर आए।
एक शख्स ने फेंका गाड़ी पर कीचड़ तो साथियों ने लगाई लताड़
विधायक को काले झंडे दिखा रहे प्रदर्शनकारियों में से एक ने सड़क किनारे से कीचड़ उठाकर विधायक की गाड़ी भी फेंका। उसकी इसी हरकत पर अन्य प्रदर्शनकारियों की नजर पड़ी तो उन्होंने उसे न केवल रोका, बल्कि एक तरफ ले जाकर लताड़ भी लगाई। हालांकि कीचड़ विधायक की गाड़ी तक तो नहीं पहुंचा लेकिन पुलिस अधिकारियों के कपड़े जरूर गंदे हो गए।
हिसार विधायक कमल गुप्ता के आगमन पर किसानों ने काले झंडे दिखाकर विरोध किया है। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध हैं और कानून व्यवस्था से किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
विनोद कुमार, एसपी
जब तक सरकारी कृषि कानून रद्द नहीं करती तब तक भाजपा और जजपा नेताओं का इस तरह विरोध किया जाएगा। हम शांतिपूर्वक ढंग से और कानून की मर्यादा में रहकर ही सत्ता पक्ष के नेताओं का विरोध कर रहे हैं।
बलवंत नंबरदार, प्रधान, फौगाट खाप-19
बैरिकेड खुलते ही अंदर घुसने की कोशिश करते किसान।- फोटो : CharkhiDadri
विधायक की गाड़ी के सामने अड़कर काले झंडे दिखाते प्रदर्शनकारी।- फोटो : CharkhiDadri