बाढड़ा अनाज मंडी में बकाया मुआवजे की मांग के लिए नारेबाजी करते किसान।
बाढड़ा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत वर्ष 2023 खरीफ सीजन में कपास फसल का 150 करोड़ रुपये मुआवजा नहीं मिलने के विरोध में किसानों का धरना जारी रहा। सयुंक्त किसान मोर्चा के बैनर तले चल रहे धरने की अध्यक्षता पूर्व थानेदार जोरा सिंह व जय सिंह ने की।
रामपाल धारणी ने किसानों से एकजुट होकर सरकार से मुआवजा राशि जारी करवाने की बात कही। रामपाल ने कहा कि चरखी दादरी जिले के करीब डेढ़ लाख किसानों को कपास बीमा का लाभ मिलना चाहिए था। आज तक मुआवजा राशि नहीं मिली है। लगातार हो रही देरी से किसान आर्थिक तंगी और कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं।
मास्टर रघवीर ने कहा कि जब तक किसानों को बकाया मुआवजा नहीं दिया जाएगा तक तक किसान आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर श्योराण खाप प्रधान बिजेंद्र बेरला, सत्यवान पंचगावा, नरेश कादयान, पारस,प्रताप, ब्रह्मपाल, भूप सिंह धारणी, सीटू नेता सुमेर सिंह आदि मौजूद रहे।