गांव झोझूकलां स्थित बस स्टैंड जहां से दिल्ली के लिए बस सेवा शुरू की गई है।
चरखी दादरी/झोझूकलां। झोझूकलां और आसपास के गांवों के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। जिला परिवहन विभाग ने झोझूकलां से दिल्ली के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर दी है। इससे पहले लोगों को दिल्ली पहुंचने के लिए दो से तीन बसें बदलनी पड़ती थीं, लेकिन अब एक ही बस से राजधानी तक की यात्रा संभव हो गई है।
यह पहली बार है जब झोझूकलां बस स्टैंड से किसी लंबे रूट की सीधी बस सेवा शुरू हुई है। बस हर दिन सुबह 4:20 बजे झोझूकलां से रवाना होकर 8:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी, जबकि वापसी में यह सुबह 9 बजे दिल्ली से चलकर दोपहर 2 बजे दादरी पहुंचेगी। स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों की ओर से लंबे समय से इस सेवा की मांग की जा रही थी। पर्याप्त बसें उपलब्ध होते ही विभाग ने सेवा को मंजूरी दी, जिससे न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी बल्कि विभाग के राजस्व में भी वृद्धि होगी।
पहले बदलने पड़ती थी दो से तीन बस
सीधी बस सेवा का संचालन शुरू होने से पहले झोझूकलां क्षेत्र के लोगों को दादरी बस स्टैंड आना पड़ता था। यहां दिल्ली की सीधी बस सेवा न मिलने पर उन्हें पहले झज्जर और फिर वहां से बस बदलकर बहादुरगढ़ होते ही दिल्ली पहुंचना पड़ता था। अब उन्हें बार-बार बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। झोझूकलां के 200 से अधिक दुकानदारों को भी इसका लाभ मिलेगा। इस सेवा का लाभ झोझूकलां के अलावा आसपास के 10 गांवों के लोगों को मिलेगा।
झोझूकलां से दिल्ली की सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग हमारे पास पहुंच थी। अब बेड़े में पर्याप्त बसें होते ही बस का संचालन शुरू कर दिया गया है। लंबा सफर करते समय अब यात्रियों को बार-बार बसें नहीं बदलनी पड़ेंगी। - नवीन शर्मा, महाप्रबंधक, परिवहन विभाग, दादरी