चरखी दादरी। तीन सूत्री मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने सोमवार दोपहर बाद चरखी दादरी शहर में ट्रैक्टर मार्च निकाला। ट्रैक्टरों के साथ लघु सचिवालय में घुसने का पुलिसकर्मियों की ओर से विरोध करने पर प्रदर्शनकारियों ने अपने ट्रैक्टर सड़क पर ही छोड़ दिए। इसके चलते करीब एक घंटे तक पुराना बस स्टैंड रोड पर जाम लगा रहा। बाद में डीएसपी देशराज के आश्वस्त करने पर प्रदर्शनकारी शांत हुए और इसके बाद लघु सचिवालय परिसर पहुंचकर डीसी प्रीति को सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा।
बता दे कि सोमवार को तीन सूत्री मांगों को लेकर दादरी शहर में ट्रैक्टर मार्च निकाला गया। किसान संगठन की ओर से किसान आंदोलन के दौरान सरकार से हुए समझौते को पूर्णतया लागू करने, बर्बाद फसलों का मुआवजा वितरित करने और मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टरों पर लगाए गए जुर्माना रद्द करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इससे पहले प्रस्तावित कार्यक्रम अनुसार सुबह करीब साढ़े 10 बजे किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ अनाज मंडी में एकत्र होना शुरू हुए।
हरियाणा किसान संगठन संयोजक जगबीर घसोला ने कहा कि मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की कार्रवाई ने किसान की कमर तोड़कर रख दी है। खनन और भवन निर्माण सामग्री ट्रैक्टरों में ले जाने पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और आरटीए टीम भारी भरकम जुर्माना लगाकर ट्रैक्टरों को जब्त कर रही है। यह कार्रवाई सरासर गलत है। प्रदर्शनकारियों को राष्ट्रीय गन्ना किसान नेता सरदार वीएम सिंह, भाकियू राष्ट्रीय अध्यक्ष मास्टर श्योराज भाटी, मांगेराम त्यागी, ठाकुर धर्मेंद्र सिंह व दिलबाग सिंह हुड्डा ने भी संबोधित किया। दोपहर करीब ढाई बजे किसानों ने नई अनाज मंडी से ट्रैक्टर मार्च शुरू किया और तीन बजे लघु सचिवालय पहुंच गए। प्रवेश द्वार पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें ट्रैक्टर लेकर अंदर न जाने की बात कही और इससे किसान बिफर गए। पुलिसकर्मियों के साथ नोक-झोंक होने के बाद किसानों ने अपने ट्रैक्टर वहीं छोड़ दिए और नारेबाजी करते हुए परशुराम चौक पर आ गए।
40 मिनट बाद प्रदर्शनकारियों के पास पहुंचे डीएसपी
पुराना बस स्टैंड रोड पर ट्रैक्टर खड़े होने से जाम लग गया और वाहनों के पहिये थम गए। करीब 40 मिनट बाद बाढड़ा डीएसपी देशराज परशुराम चौक पर किसानों के बीच पहुंचे। करीब पंद्रह मिनट तक डीएसपी की प्रदर्शनकारियों से बातचीत हुई और वो उन्हें लघु सचिवालय में जाकर डीसी को ज्ञापन सौंपने के लिए मनाने में कामयाब हो गए। इसके बाद प्रदर्शनकारी लघु सचिवालय पहुंचे और डीसी प्रीति को मांगपत्र सौंपा।
100 प्रदर्शनकारियों के लिए 150 पुलिसकर्मी रहे तैनात
प्रदर्शनकारियों ने करीब 20 ट्रैक्टर, दस गाड़ियों और दस दुपहिया वाहनों के साथ रोष मार्च निकाला। प्रदर्शन में करीब 100 किसानों ने भाग लिया। दूसरी ओर प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा के बंदोबस्त कड़े रहे और 150 से अधिक पुलिसकर्मी लघु सचिवालय की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किए गए।