चरखी दादरी। गांव खेड़ी बत्तर विद्युत उपकेंद्र से मैहड़ा तक हॉट लाइन डालने के लिए खेतों के बीच पोल गाड़े जा रहे हैं। इससे होने वालीं परेशानियों को देखते हुए किसानों में रोष है। नाराज किसानों ने मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के युवा जिला अध्यक्ष सीटू मैहड़ा की अगुवाई में प्रशासन व बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया और पोल खेतों के किनारे लगाने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
मैहड़ा निवासी किसान राजेंद्र, नारायण, आनंद मान, रामपाल, सुरेश, जगदीश, रामनिवास, भोलू तक्षक आदि ने बताया कि गांव मैहड़ा में बनी पेयजल परियोजना के लिए खेड़ी बत्तर विद्युत उपकेंद्र से हॉट लाइन डाली जा रही है। इस लाइन के लिए बिजली के पोल खेतों के बीच गाड़े जा रहे हैं। इसके कारण किसानों को खेत की जुताई से लेकर फसल कटाई तक में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। किसान चाहते हैं कि इस लाइन को खेत के साथ बने रास्तों व मेड़ों से ले जाया जाए। इससे बिजली लाइन का कार्य भी पूरा हो जाएगा और किसानों को भी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। भाकियू युवा जिलाध्यक्ष सीटू मैहड़ा ने कहा कि जनस्वास्थ्य विभाग और बिजली विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन अभी तक अधिकारियों ने संज्ञान नहीं लिया है। समस्या का जल्दी समाधान नहीं निकला तो किसानों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।