बाजरा खरीद को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते किसान।
- फोटो : CharkhiDadri
बाढड़ा। बाजरे की खरीद न होने से खफा किसान संगठनों ने एक मंच पर आकर सोमवार को बाढड़ा में रोष मार्च निकाला। किसान ट्रैक्टर ट्रॉली में बाजरा की फसल डालकर रोष मार्च में भाग लेने पहुंचे। प्रदर्शन के बाद तहसील कार्यालय पहुंचकर एसडीएम शंभू राठी को ज्ञापन सौंपा और रविवार तक खरीद शुरू न होने पर बेमियादी आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
भाकियू जिला अध्यक्ष धर्मपाल बाढड़ा की अगुवाई में सोमवार को किसानों ने प्रदर्शन किया। महासचिव हरपाल भांडवा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा एमएसपी के नाम पर बड़े बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन बाजरे की खरीद में भावांतर लागू कर खरीद को ही बंद कर दिया है। इससे बाजरा उत्पादक किसान अपने अनाज को बेचने के लिए दर दर भटक रहे हैं। क्षेत्र के किसानों से हर मामले में उपेक्षा को अब किसी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन सौपते हुए कहा कि अगर रविवार तक बाजरे की खरीद शुरू नहीं हुई तो क्षेत्र के किसान कस्बे के मुख्य क्रांतिकारी चौक पर बेमियादी आंदोलन शुरू करेंगे।
धर्मपाल ने कहा कि सरकार भिवानी, दादरी, महेंद्रगढ़, हिसार जिलों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही हैं। इस मौके पर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष विजय खोरड़ा, सीताराम शर्मा, रणधीर, पूर्व सरपंच सुरेश धनासरी, केंद्रीय सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन संदीप बाढड़ा, प्रेरक संघ प्रदेशाध्यक्ष विनोद मांढ़ी, भारतीय किसान पार्टी प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र जेवली, धर्मसेना जिलाध्यक्ष प्रदीप बाढड़ा, संत श्यामकलां, गिरधारी मोद, रणधीर सिंह, चंद्रपाल, वेद , जितेंद्र डांडमा, वेद उमरवास, प्रताप आदि मौजूद रहे।