संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। कंट्रोल रूम में फोन कर मदद मांगने वाला एक फरियादी मौके पर पहुंची ईआरवी टीम से ही उलझ गया। आरोपी ने शराब का सेवन किया हुआ था और उसने मौके पर पहुंचे हेड कांस्टेबल के कपड़े भी फाड़ दिए। पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया और उसके खिलाफ सदर थाने में केस दर्ज किया गया। सोमवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा दिया गया।
गांव तिवाला निवासी जितेंद्र ने रविवार रात डायल 112 पर कॉल की। उसने बताया कि उसकी पत्नी व मां उसे परेशान कर रहे हैं। सूचना के आधार पर ईएसआई सतबीर अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे। इस दौरान जितेंद्र की मां ने भी डायल 112 पर फोन कर बेटे और पुत्रवधू का झगड़ा होने की सूचना देते हुए मदद की गुहार लगा दी। इसके बाद हेड कांस्टेबल राकेश की अगुवाई में दूसरी टीम भी वहां पहुंच गई।
आरोप है कि जितेंद्र ने पहले ईएसआई सतबीर सिंह के साथ अभद्र भाषा में बातचीत की और उनकी वर्दी पर हाथ डालने का प्रयास किया। इसके बाद जब हेड कांस्टेबल राकेश मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। इतना ही नहीं आरोपी जितेंद्र ने हेड कांस्टेबल के कपड़े फाड़ दिए, जिसे चलते उसे अन्य पुलिसकर्मियों ने काबू कर लिया। आरोपी के खिलाफ अभद्र व्यवहार करने, धमकी देकर सरकारी कार्य में बाधा डालने, हाथापाई करने और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया।
तिवाला गांव की ये घटना है। हमने आरोपी को तत्काल काबू कर लिया और सोमवार सुबह उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। - ओमप्रकाश, निरीक्षक एवं प्रभारी, दादरी सदर थाना