हरियाणा के चरखी दादरी में इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार विभिन्न प्रकार के दैनिक जरूरत के सामान से भरा हुआ है। अब दुकानदारों को धनतेरस का इंतजार है। उनका कहना है कि फिलहाल ग्राहक खरीदारी कम कर रहे हैं। ग्राहक भी कई दुकानों पर जाकर सामान का भाव व गुणवत्ता की जांच कर रहे हैं। वीरवार को दुकानदारों से बातचीत की गई। इनमें से सभी की अपनी राय रखी। किसी ने कारोबार ठप बताया और किसी को इस दीवाली पर पिछले साल के मुकाबले कारोबार बढ़ने की उम्मीद है।
दुकानदारों का कहना है कि ग्राहक दुकानों में आ रहे हैं और पसंद कर सामान को धनतेरस पर खरीदने की बात कह रहे हैं। अब उन्हें धनतेरस पर ही बिक्री होने की उम्मीद है। दुकानदारों ने बिक्री बढ़ाने के लिए बड़े इलेक्ट्रॉनिक सामान पर उपहार देने की भी स्कीम रखी है। इस दीवाली पर इलेक्ट्रॉनिक बाजार में एक से डेढ़ करोड़ तक का कारोबार होने की उम्मीद है।
पिछली बार से अधिक होगा कारोबार
इस बार ग्राहकों का आकर्षण इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों की ओर बढ़ा है। इस बार पिछले साल के मुकाबले कारोबार अधिक होगा। बड़े सामान के लिए क्रेडिट सुविधा, फाइनेंस सुविधा आदि भी प्रदान की जा रही है। साथ ही वारंटी व गारंटी में भी कंपनियों की ओर से एक साल की बढ़ोतरी की गई है।
-संजय बंसल, दुकानदार
धनतेरस के लिए हुई सामान की बुकिंग
ग्राहक सामान देखने के लिए दुकान पर आ रहे हैं और सामान की बुकिंग कर रहे हैं। सामान पसंद आने पर धनतेरस पर घर लेकर जाने की कहते हैं। अब धनतेरस का इंतजार रहेगा।
-विकास कुमार, दुकानदार
सामान खरीदी पर ग्राहकों को दिए जा रहे उपहार
दुकान में आने वाले ग्राहकों को बड़े सामान की खरीदारी पर उपहार दिए जा रहे हैं। इनमें प्रेस, मिक्सर, बर्तन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण दिए जा रहे हैं। धनतेरस पर और भी ऑफर रखे जाएंगे। -
देवेंद्र कुमार, दुकानदार
खेती के कारण नहीं आ रहे ग्राहक
फिलहाल खेती के काम लंबा चला है और इसी कारण ग्राहक दुकानों पर नहीं पहुंच रहे हैं। दीवाली के दो दिन पहले ग्राहकों के आने की उम्मीद है। अभी तो बाजार शांत चल रहा है।
-शिवम कुमार, दुकानदार