चरखी दादरी। सर्दी के सीजन में दादरी में दिसंबर माह से बिजली की खपत 50 प्रतिशत तक घट गई है। गत जुलाई माह में सर्वाधिक 77,76,360 यूनिट की खपत हुई थी। अब दिसंबर माह में यह आंकड़ा 35,78,580 यूनिट बना हुआ है। सर्दी सीजन में खपत कम होने की वजह से उपभोक्ताओं को बिजली ओवरलोड की समस्या से राहत मिली है।
बता दें कि सितंबर माह तक दादरी में ओवरलोड की समस्या बनी रही। गर्मी सीजन में तो हालात बेहद खराब बने रहे। जून से अगस्त तक शहर में ओवरलोड की वजह से बार-बार बिजली आपूर्ति में कट झेलने पड़ रहे थे। शहर के काफी एरिया में गांवों में बने पावर सब स्टेशनों से बिजली की आपूर्ति करनी पड़ी थी। अब खपत कम होने पर फॉल्ट भी कम आ रहे हैं और लोड की दिक्कत भी नहीं बन रही है।
शहर में 33 केवीए क्षमता का नया पावर सब स्टेशन बन रहा है। यह मार्च तक पूरा हो जाएगा, उसके बाद गर्मी सीजन में भी बिजली की किल्लत नहीं रहेगी। शहर में करीब 18 हजार बिजली उपभोक्ता हैं। औसत प्रति माह खपत 90 लाख यूनिट तक है।
बिजली की खपत बढ़ने पर पावर सब स्टेशन में लगे मेन पावर ट्रांसफार्मर पर लोड बढ़ना शुरू हो जाता है। फ्रिक्वेंसी डाउन होने लगती है। ऐसे में बीच-बीच में आपूर्ति को बंद करना पड़ता रहा है ताकि मेन ट्रांसफार्मर पर लोड बढ़ने पर जल न जाए। वैसे शहर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति का प्रावधान है। फॉल्ट या अन्य कारणों के चलते आपूर्ति बीच में बाधित हो जाती है।
गत जुलाई माह में सर्वाधिक 77,76,360 लाख यूनिट की खपत हुई
गत जुलाई माह में सर्वाधिक 77,76,360 लाख यूनिट की खपत हुई थी। अब दिसंबर माह में यह आंकड़ा 3578580 यूनिट बना हुआ है। मई, जून, जुलाई व अगस्त माह मेंं खपत ज्यादा होती है। अब बिजली की खपत घटने के साथ निगम बिजली में सुधार एवं विस्तार पर भी फोकस कर रहा है। जिले में बिजली क्षमता बढ़ाने के लिए कई गांवों में पावर सब स्टेशन निर्माण के लिए कागजी प्रक्रिया चल रही है। पुराने पावर सब स्टेशनों की क्षमता भी बढ़ाई गई है।
नगर में बिजली की खपत एक नजर में
महीना यूनिट प्रति माह
जुलाई- 77,76,362
अगस्त- 75,47,400
सितंबर = 77,67,180
अक्तूबर= 31,18,320
नवंबर - 37,92,240
दिसंबर 35,78,580
इस समय बिजली की खपत आधी हो गई है। सर्दी की वजह से खपत कम हुई है। गर्मी में थोड़ी समस्या आती है। इस बार आने वाले गर्मी सीजन में दिक्कत नहीं आएगी। निगम आपूर्ति में सुधार पर काम कर रहा है।
- एसएसई विवेक, बिजली निगम, दादरी।