शहर में 250 डिफाल्टर बिजली उपभोक्ताओं के काटेे बिजली कनेक्शन, 2250 अभी राडार पर
चरखी दादरी। बिजली निगम ने डिफाल्टर उपभोक्ताओं पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसके तहत लंबे समयावधि बाद भी बिल की अदायगी न करने वाले उपभोक्ताओं के घर जाकर कनेक्शन काटे जा रहे हैं। शहर में पिछले 15 दिनों में 250 डिफाल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए हैं। शहर में करीब 2500 डिफाल्टरों की तरफ नौ करोड़ का बिजली बिल बकाया है। जिलाभर में करीब आठ हजार उपभोक्ताओं की तरफ करीब 30 करोड़ बिल राशि बकाया है। निगम ने इसके लिए 10 टीमें गठित कर रखी हैं जो दिन-रात छापेमारी भी कर रही हैं।
गौरतलब है कि निगम अधिकारियों की 20 टीमों ने गत 13 जुलाई को 165 उपभोक्ताओं पर 60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। बिजली निगम चोरी रोकने व रिकवरी के लिए लगातार प्रयासरत है। लाइनलोस कम करने के लिए निगम हर प्रकार के हथकंडे अपना रहा है। इसके लिए बिजली की चोरी रोकने पर ज्यादा फोकस किया जा रहा है। गत फरवरी माह में भी निगम ने प्रदेश भर में 236 टीमें बनाकर गांवों व शहरों में छापेमारी की थी। इसके तहत दादरी जिला में 14 टीमों ने एक साथ शहर और गांवों में छापेमारी अभियान चलाया था। इस दौरान बिजली चोरों को पकड़ा गया था।
अब निगम की नजर डिफाल्टर उपभोक्ताओं पर टिकी हुई है। इसके लिए निगम ने 10 टीमें बना रखी हैं। टीम में जेई, फोरमैन व लाइनमैन के अलावा अन्य कर्मचारी शामिल हैं। इस समय जिला में आठ हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं के नाम डिफाल्टर सूची में हैं। इनकी तरफ करीब 30 करोड़ बिल राशि बकाया है। निगम का सरकारी विभागों की तरफ भी बिल राशि के रूप में मोटी रकम बकाया है।
निगम की टीमें बिजली चोरों पर लगातार नजर रखे हैं ताकि लाइनलोस न बढ़ने पाए। शहर मेें करीब साढ़े 15 हजार बिजली उपभोक्ता हैं और प्रतिदिन सवा तीन लाख यूनिट बिजली की खपत होती है। शहर में 2100 ट्रांसफार्मर और 12 फीडर हैं, जिनके जरिये बिजली की आपूर्ति की जाती है। दो मेन पावर सब स्टेशन हैं।
31 तक बिल जमा नहीं हुए तो कनेक्शन कटेगा
निगम ने उपभोक्ताओं को 31 अगस्त तक का समय दिया है। इसके बाद कनेक्शन काटे जाने का अभियान और तेज कर दिया जाएगा। अभी निगम 31 अगस्त तक कुछ और इंतजार करेगा। हालांकि 250 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटकर निगम ने कड़ी कार्रवाई के संकेत दे दिए हैं और इसके बाद डिफाल्टर उपभोक्ताओं में खलबली मची है और कई निगम कार्यालय पहुंचकर बिल की अदायगी भी कर चुके हैं।
21 दिन में 2.87 करोड़ बिल राशि जमा
निगम कर्मचारी ने बताया कि कनेक्शन काटने का अभियान शुरू होने के बाद बिल अदायगी करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ गई है। एक से 21 अगस्त तक 3962 उपभोक्ताओं ने बिजली बिल जमा करवाया है। बिजली बिल के रूप में इन 21 दिनों में निगम दो करोड़ 87 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। 21 सरकारी विभागों ने एक करोड़ 45 लाख का इस समयावधि में बिल जमा करवाया है।
वर्जन::
डिफाल्टर उपभोक्ता खुद ही कार्यालय में आकर अपना बकाया जमा करवा दें। 31 अगस्त के बाद निगम की ओर से कनेक्शन काटे जाने का विशेष अभियान चलाया जाएगा। निगम उपभोक्ताओं को 24 घंटे बिजली देने को तत्पर है बशर्ते नियमित रूप से बिजली राशि जमा करवाई और चोरी न हो।
सुमित यादव, एक्सईएन, बिजली निगम