चरखी दादरी/बाढड़ा। दादरी-लोहारु मुख्यमार्ग पर बुधवार सुबह अटेला कलां के समीप एक डंपर और दुग्ध वाहन (टाटा एस) की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में दुग्ध वाहन में सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों मृतक भिवानी के रहने वाले थे। अटेला कलां चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए दोनों शव कब्जे में लिए और दादरी सिविल अस्पताल में उनका पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने इस संबंध में मृतकों के परिजनों के बयान पर आरोपी डंपर चालक के खिलाफ धारा 279 व 304-ए के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में भिवानी के बिचला बाजार निवासी प्रकाश ने बताया कि उसका भाई विकास (35) भिवानी की राजीव कॉलोनी निवासी संदीप (32) के साथ दुग्ध सप्लाई का काम करता था। बुधवार सुबह दोनों रोहतक से दादरी दूध की सप्लाई करने आए थे। दादरी में सप्लाई देने के बाद वो बाढड़ा की तरफ जा रहे थे। करीब साढ़े पांच बजे जब वो गांव अटेला के समीप पहुंचे तो सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। जिसमें दुग्ध वाहन में सवार संदीप और विकास की मौत हो गई। प्रकाश ने बताया कि यह हादसा डंपर चालक की लापरवाही से हुआ है।
वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही अटेला कलां चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शव कब्जे में ले लिए। इसके बाद पुलिस ने शव सिविल अस्पताल में पहुंचाए और कागजी कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम करवाया। जांच अधिकारी का कहना है कि इस संबंध में डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- पेड़ से टकरा अनियंत्रित डंपर, खेत में जा गिरा दुग्ध वाहन
अटेला कलां के समीप हुआ हादसा इतना भीषण था कि डंपर की टक्कर लगने के बाद दुग्ध वाहन करीब 30 फुट अंदर में खेत में जा गिरा। वहीं, दुग्ध वाहन से टकराने के बाद अनियंत्रित डंपर पेड़ से टकरा गया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
- संदीप पर निर्भर था परिवार, तीन बहनों ने खोया इकलौता भाई
मृृतक संदीप तीन बहनों का इकलौता भाई था और शादीशुदा था। संदीप के तीन बच्चे दो लड़की व एक लड़का है। संदीप के पिता आर्मी से रिटायर हुए थे और बीमारी के चलते उनका वर्ष 2009 में देहांत हो चुका है। उसके बाद संदीप के कंधों पर ही पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। संदीप ने दो माह पहले ही दुग्ध वाहन चलाना शुरू किया था। इससे पहले वह ऑटो रिक्शा चलाता था।
-एक हादसे से पांच मासूमों ने खोए अपने पिता
हादसे में जान गंवाने वाले संदीप व विकास दोनों शादीशुदा थे। संदीप के तीन और विकास के दो बच्चे हैं। विकास की 3 और 5 साल की दो बेटियां हैं। वहीं, संदीप के तीन बच्चे हैं, जिनमें बेटियों की उम्र सात और पांच साल है जबकि बेटे की उम्र करीब तीन साल है। इस एक हादसे ने पांच मासूमों के सिर से पिता का साया उठा दिया।
अटेला गांव के समीप हादसे होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। आरोपी डंपर चालक फरार है। उसके खिलाफ धारा 279 व 304-ए के तहत केस दर्ज कर लिया है।
-मंजीत सिवाच, जांच अधिकारी एवं हेड कांस्टेबल, अटेला चौकी।