निजी बसों के चालक मनमर्जी कर रहे हैं। वह किसी भी जगह ब्रेक मारकर खड़े हो रहे हैं, जिससे जाम की स्थिति बन रही है। इनकी मनमानी से रोडवेज कर्मचारी भी परेशान हैं और इसे लेकर डिपो अधिकारी की ओर से चार जिलों के डीटीओ डीटीओ को पत्र लिखकर इनकी मनमानी पर अंकुश लगाने की मांग की गई है।
निजी बसों के चालक सवारियां चढ़ाने और उतारने के लिए कहीं भी ब्रेक लगा रहे हैं। फिर चाहे वह शहर की व्यस्ततम सड़क हो या फिर कोई चौराहा। इनकी मनमानी के कारण सड़कों पर जाम की स्थिति रहती है। इतना ही रोडवेज कर्मचारियों के अनुसार बस स्टैंड परिसर में भी ये बसों को अव्यवस्थित ढंग से खड़ी कर देते हैं जिससे रोडवेज बसों के आवागमन में भी दिक्कतें होती हैं। निजी बस चालक लंबे समय से ये गैरजिम्मेदाराना रवैया अपना रहे हैं।
दादरी बस स्टैंड की बात करें तो दादरी समेत विभिन्न जिलों की 61 निजी बसें चलती हैं। ये बसें प्रतिदिन करीब 244 फेरे लगाती हैं। निजी बस चालक सवारियां भरने के लिए बस स्टैंड के मुख्य गेट पर ही ब्रेक लगाकर कई देर तक खड़े रहते हैं जिससे जाम की स्थिति भी बन जाती है। निजी बस चालकों से परेशान रोडवेज संस्थान प्रबंधक ने प्रादेशिक सचिव परिवहन रोहतक, झज्जर, नारनौल और चरखी दादरी को पत्र भेजा है।
- नियमानुसार मिलता है इतना समय
रोडवेज परिसर के बूथों पर निजी बसें खड़ी कर सवारियां बैठाने के लिए प्रशासन ने प्रति बस सात से आठ मिनट का समय निर्धारित किया है। दूसरी ओर बस चालक एक बूथ पर 14 से 16 मिनट तक सवारियां भरते हैं। बूथ से रवाना होने के बाद भी वहसवारियां बैठाने के लिए मनमर्जी से कहीं भी ब्रेक लगाकर खड़े हो जाते हैं।
जानिये...किस रूट पर दौड़ती हैं कितनी बसें
रूट बस संख्या
दादरी से झज्जर 21
दादरी से रोहतक 24
दादरी से नारनौल 16
हमने निजी बस चालकों की मनमर्जी को लेकर चार जिलों के प्रादेशिक परिवहन सचिव को पत्र भेजा है। पत्र के जरिये कार्रवाई कर बस चालकों की मनमर्जी पर रोक लगाने की मांग की गई है।
- दीपक कुमार, संस्थान प्रबंधक, चरखी दादरी।