कादमा राजकीय काॅलेज का निरीक्षण करने पहुंचे उच्चतर शिक्षा विभाग के डिप्टी डायरेक्टर अजीत सिंह।
कादमा। उच्चतर शिक्षा निदेशालय के डिप्टी डायरेक्टर अजीत सिंह ने गांव कादमा स्थित कालूराम राजकीय कालेज का दौरा कर शैक्षणिक गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों को उपलब्ध करवाई जा रही शैक्षणिक व खेल सुविधाओं पर चर्चा की।
डिप्टी डायरेक्टर अजीत सिंह का जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी डाॅ. ऋषिपाल शर्मा ने स्वागत किया। डिप्टी डायरेक्टर अजीत सिंह ने विद्यार्थियों से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी डाॅ. ऋषिपाल शर्मा ने बताया कि कॉलेज में गणित व अर्थशास्त्र की फैकल्टी नहीं थी जो अब शुरू कर दी गई है।
कंप्यूटर व ज्योग्राफी लैब भी शुरू कर दी गई है। लाइब्रेरी की सुविधा भी आरंभ कर दी गई है। काॅलेज में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए खेल मैदान तैयार करवाया गया है। मैदान में बैडमिंटन, कैरम बोर्ड व इंडोर स्टेडियम जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। अजीत सिंह को अवगत कराया कि फिलहाल कॉलेज आईटीआई भवन में चल रहा है और जल्द ही इसको नया भवन मिलेगा।
डिप्टी डायरेक्टर अजीत सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है और इसके लिए 20 से 30 किलोमीटर के दायरे में काॅलेजों की स्थापना की जा रही है। इन काॅलेजों में आधुनिक शिक्षा, खेल उपकरण व अन्य सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए बड़ा बजट खर्च किया जा रहा है। इस दौरान कार्यकारी प्राचार्य डाॅ. बजरंग सिंह, डाॅ. जितेंद्र सिंह, नितेश, नवीन कुमार आदि मौजूद रहे।