डेंगू : एक दिन में मिले सर्वाधिक 25 मामले
पिछले नौ दिनों में चुके हैं 104 केस, 314 पहुंचा मरीजों का आंकड़ा
शहर में अब तक 238 तो गांवों में 76 मामले आ चुके सामने
चरखी दादरी। डेंगू के डंक का प्रकोप जिले में लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को 25 नए मरीज मिले हैं, जो जिले बनने के बाद पिछले पांच साल में एक दिन की सर्वाधिक संख्या है। जिले में मरीजों का आंकड़ा 314 पहुंच गया है। इस साल गांवों के मुकाबले शहर में डेंगू मरीजों की संख्या ज्यादा है।
डिप्टी सीएमओ एवं डेंगू नोडल अधिकारी डॉ. गौरव भारद्वाज ने बताया कि मंगलवार को 25 नए केस सामने आने के बाद डेंगू मरीजों का आंकड़ा 314 हो गया है। डेंगू जांच के लिए विभाग अब तक 782 सैंपल ले चुका है। उन्होंने बताया कि सैंपलिंग प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी और विभाग का प्रयास है कि नवंबर के अंत तक करीब एक हजार सैंपल ले लिए जाएं। पिछले नौ दिनों में 104 मरीज मिल चुके हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साल की अगर बात करें तो नौ नवंबर तक जिले में 104 मरीज मिले थे, जबकि विभाग ने 261 सैंपल लिए थे। पिछले साल की तुलना में इस बार करीब तीन गुना सैंपल लिए जा चुके हैं और यही कारण है कि मरीजों की संख्या ढाई गुना से अधिक बढ़ी है।
नवंबर में ये रही है डेंगू की स्थिति
एक नवंबर को 14, दो नवंबर को 6, तीन नवंबर को दस, चार नवंबर को तीन, पांच नवंबर को दस, छह नवंबर को 14, सात नवंबर को 10 और आठ नवंबर को 12 मरीज मिले हैं। वहीं, नौ नवंबर को जिले में 25 केस मिले हैं।
वर्जन::
डेंगू के मंगलवार को 25 नए केस मिले हैं। हमारा प्रयास है कि सैंपलिंग अधिक से अधिक हो। डेंगू के बढ़ते केस को देखते हुए एंटी लारवा एक्टिविटी लगातार जारी है। आने वाले कुछ दिनों में डेंगू का ग्राफ नीचे चला जाएगा।
डॉ. गौरव भारद्वाज, डिप्टी सीएमओ एवं डेंगू नोडल अधिकारी