चरखी दादरी में धरनास्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करते अधिवक्ता संजीव तक्षक।
चरखी दादरी। कथित फर्जी मुठभेड़ और 10 लाख की रिश्वत मामले में कार्रवाई की मांग के लिए शिकायतकर्ता पक्ष का धरना सोमवार को आठवें दिन भी जारी रहा। पुलिस प्रशासन द्वारा कार्रवाई में की जा रही देरी को लेकर धरनारत लोगों ने नारेबाजी कर रोष जताया।
सोमवार को कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता मनीषा सांगवान, आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष धनराज कुंडू समेत जिला सचिव एवं पूर्व पार्षद महेश गुप्ता, भारतीय किसान यूनियन से जगबीर घसौला, महादेवी बलाली के अलावा सांगवान कन्नी प्रधान ताराचंद चरखी, जन परिवर्तन यूथ एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष जसबीर आदि ने धरनास्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया।
कांग्रेस प्रवक्ता मनीषा सांगवान ने कहा कि वे जल्द ही इस विषय पर सांसद दीपेंद्र हुड्डा से मुलाकात करेंगी और उन्हें सारी स्थिति से अवगत करवाएंगी और गृहमंत्री अनिल विज तक मामला पहुंचाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि न्याय की लड़ाई में वो शिकायतकर्ता पक्ष के साथ हैं। आप जिला अध्यक्ष धनराज कुंडू ने कहा कि आम आदमी पार्टी शिकायतकर्ता पक्ष को न्याय दिलवाने के लिए सदैव साथ है। जल्द ही संगठन के दिग्गज नेता धरनास्थल पर पहुंचेंगे।
मास्टर ताराचंद ने कहा कि हमने बंसीलाल जैसे सख्त मिजाज मंत्रियों के खिलाफ न्याय पाने के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ी है तो इस न्याय की लड़ाई में भी पीछे नहीं रहेंगे। हम सभी मिलकर कठोर रणनीति अपनाएंगे और पुलिस प्रशासन की नींव हिलाने का काम किया जाएगा। महादेव बलाली ने कहा कि उनकी टीम तन, मन व धन से धरने में सहयोगी रहेगी।