चरखी दादरी। जिले में सोमवार को कोरोना से 148वीं मौत हुई है। मृतक 60 वर्षीय बुजुर्ग डायबिटीज का मरीज था। वहीं, सोमवार को 11 नए मामले सामने आए हैं जबकि 10 संक्रमितों ने कोरोना को मात दी है। इस समय जिले में कोरोना के 42 केस सक्रिय हैं और इसकी पुष्टि कोरोना नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. गौरव भारद्वाज ने की है।
डॉ. गौरव भारद्वाज ने बताया कि 60 वर्षीय जिस बुजुर्ग की मौत हुई है वो गुरुग्राम के एक अस्पताल में उपचाराधीन था। कोरोना जांच के लिए वहां जब बुजुर्ग का सैंपल लिया गया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहां उपचार के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई और इसकी सूचना दादरी स्वास्थ्य विभाग को सोमवार सुबह मिली।
उन्होंने बताया कि 11 नए केस मिलने के बाद जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8183 हो गई है। इनमें से 148 संक्रमितों की मौत हुई है। दूसरी ओर 10 मरीज स्वस्थ होने के बाद कोरोना को मात देने वालों की संख्या भी बढ़कर 7993 पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि सोमवार को 285 नए सैंपल लिए गए। इन सैंपलों की जांच सिविल अस्पताल की मॉलीकुलर लैब में की जाएगी और रिपोर्ट मंगलवार दोपहर तक आने की संभावना है। डॉ. गौरव भारद्वाज ने बताया कि फिलहाल जिले में 309 सैंपलों की रिपोर्ट लंबित हैं।
- 16 दिनों में मिल चुके 100 केस
इस लहर में कोरोना केस धड़ाधड़ मिल रहे हैं। दादरी जिले की अगर बात करें तो गत आठ अप्रैल से लेकर 24 अप्रैल तक कोरोना के 100 केस मिल चुके हैं। इस समयावधि में 57 संक्रमित स्वस्थ हुए हैं जबकि एक की मौत हुई है। इस समय जिले में 42 केस एक्टिव हैं।
- 24 दिनों से नहीं लगी वैक्सीन की एक भी डोज
जिले में एकतरफ कोरोना केस मिल रहे हैं तो दूसरी ओर इससे बचाव के लिए टीकाकरण कार्य नहीं हो रहा। टीकाकरण बंद होने का कारण वैक्सीन की कमी है। सूत्रों के अनुसार गत 31 मार्च के बाद जिले में किसी भी शख्स को वैक्सीन की डोज नहीं लगी है। जिले में अब तक वैक्सीन की 960047 डोज लगी हैं।
वर्जन:: सोमवार को जिले में कोरोना के 11 मामले सामने आए हैं जबकि झोझूकलां निवासी एक व्यक्ति की मौत हुई है। इस समय जिले में 42 केस सक्रिय हैं जबकि 309 सैंपलों की रिपोर्ट लंबित हैं।
-डॉ. कृष्ण कुमार, सीएमओ, चरखी दादरी