चरखी दादरी। पैरोल पर आए भिवानी के कितलाना गांव निवासी पत्नी के हत्यारोपी युवक का शव चरखी दादरी के पैंतावास खुर्द स्थित एक खेत पर खड़े पेड़ पर फंदे से लटका मिला। 30 वर्षीय मनजीत 38 दिन पहले भोंडसी जेल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वह जेल या घर नहीं लौटा। वहीं, दादरी नागरिक अस्पताल से शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक भेजा गया है।
सदर थाने में तैनात जांच अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि मनजीत की शादी वर्ष 2018 में हुई थी। वह पत्नी संग गुरुग्राम में रहता था। शादी के दो माह बाद ही उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। मनजीत के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ था। इस कारण उसे गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार किया था। तब से वह भोंडसी जेल में बंद था।
चचेरे भाई की शादी के लिए मनजीत पांच दिसंबर 2023 को पैरोल पर आया था। उसे 14 फरवरी को जेल लौटना था। उसके पिता धर्मबीर ने बताया कि मनजीत 12 फरवरी को जेल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन 14 फरवरी तक न तो वह जेल पहुंचा और न घर लौटा। घर से जाने के बाद मनजीत ने संपर्क नहीं हुआ और बुधवार सुबह पैंतावास खुर्द के पास पेड़ पर बंधे फंदे पर उसका शव लटका मिला।
5-6 दिन पहले हुई मौत
पैंतावास खुर्द के पास स्थित एक होटल के पीछे खेत में शव मिलने की सूचना पाकर एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची। इसके बाद शव को नीचे उतारा गया। पुलिस ने मनजीत की मौत 5-6 दिन पहले होने का अंदेशा जताया है।
मृतक मनजीत के पिता धर्मबीर के बयान पर 174 सीपीआरसी की कार्रवाई की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भेजा गया है। - मुकेश कुमार, जांच अधिकारी, सदर थाना, चरखी दादरी।