चरखी दादरी की उपायुक्त मनदीप कौर।
चरखी दादरी। जिला प्रशासन की ओर से सर्दी को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने का अनुरोध किया गया है। साथ ही कोहरे के कारण वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी कहा गया है। उपायुक्त मनदीप कौर ने लोगों को सर्दी से बचाव के लिए एहतियात बरतने की सलाह दी है।
उपायुक्त ने जिलावासियों से शीतलहर व अत्यधिक सर्दी के चलते बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने बताया कि इन दिनों क्षेत्र में शीतलहर व कड़ाके की ठंड पड़ रही है। थोड़ी सी सावधानी बरतकर शीत घात से बचा जा सकता है। उपायुक्त ने कहा है कि शीत-घात से बचने के लिए मौसम पूर्वानुमान के लिए रेडियो, टीवी, समाचार पत्र जैसे सभी मीडिया प्रकाशन का ध्यान रखें ताकि यह पता चल सके कि आगामी दिनों में शीतलहर की संभावना है या नहीं। घर में ठंडी हवा के प्रवेश रोकने के लिए दरवाजों और खिड़कियों को ठीक से बंद रखें। फ्लू, नाक बहना, भरी नाक या नाक बंद जैसी विभिन्न बीमारियों की संभावना आमतौर पर ठंड में लंबे समय तक संपर्क में रहने के कारण होती हैं। इस तरह के लक्षणों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतें और स्थानीय स्वास्थ्य कर्मियों या डॉक्टर से परामर्श करें।