फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चरखी दादरी: खाद की किल्लत के चलते किसानों ने चौथी बार मंडी गेट को जड़ा ताला, बाढड़ा में पुलिस थाने में वितरित की खाद

Sat, 23 Oct 2021 12:51 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी

सार

खाद किल्लत से किसान परेशान हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने शुक्रवार तक 16 हजार बैग पहुंचने का दावा किया था, लेकिन महज दो हजार बैग ही पहुंचे जो महज चार घंटे के अंदर वितरित हो गए। खेप खत्म होने के चलते किसानों को बैरंग ही घर लौटना पड़ा।
विज्ञापन
वैश्य स्कूल चौक पर जाम लगाकर बैठे किसान। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चरखी दादरी में खाद किल्लत को लेकर शुक्रवार सुबह फिर से किसानों का गुस्सा फूटा। आक्रोशित किसानों ने पहले मंडी का गेट बंद कर वैश्य स्कूल चौक पर जाम लगाया। करीब दो घंटे बाद किसानों ने पुलिस के आश्वासन पर जाम खोला। उसके 70 मिनट बाद खाद की खेप नई अनाज मंडी पहुंची। शुक्रवार को जिले में खाद के दो हजार बैग पहुंचे जो महज चार घंटे के अंदर वितरित हो गए।

विज्ञापन


वहीं, बाढड़ा क्षेत्र के किसान भी खाद संकट से परेशान हैं। हालात यह हैं कि शुक्रवार को बाढड़ा में खाद के करीब एक हजार बैग पहुंचे। इसका वितरण थाना परिसर के अंदर खाद का वितरण करना पड़ा। खत्म होने के कारण ज्यादातर किसानों को खाद नहीं मिल पाई। इससे पहले दादरी और बाढड़ा में खाद वितरण के दौरान व्यवस्था बनाना पुलिस के लिए चुनौती भरा रहा।

जिले में खाद किल्लत को लेकर किसानों का गुस्सा सातवें आसमान पर हैं। पिछले पांच दिनों में किसान चार बार मंडी का गेट बंद कर चुके हैं। शुक्रवार सुबह ही किसानों को खाद वितरण होने की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। तड़के चार बजे मंडी पहुंचे किसानों ने पांच घंटे तक इंतजार किया और नौ बजे तक भी खाद वितरण शुरू न होने पर पहले पुरानी अनाज मंडी के गेट बंद किए और फिर वैश्य स्कूल चौक पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे बाद सुबह दस बजे सिटी थाना प्रभारी वजीर रेढ्ढू मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को आश्वस्त करने का प्रयास किया।
विज्ञापन


किसानों ने सिटी थाना प्रभारी की एक न सुनी और जाम खोलने से इंकार कर दिया। इसके बाद करीब 11 बजे सिटी थाना प्रभारी दोबारा से किसानों के बीच पहुंचे और 12 बजे तक खाद की खेप जिले में पहुंचने का आश्वासन देकर मंडी का गेट और जाम खुलवा दिया।

दोपहर 12:10 पर खाद के दो हजार बैग नई अनाज मंडी पहुंचे। इसका पता चलते ही किसान पुरानी अनाज मंडी से सीधा नई अनाज मंडी पहुंच गए। वहां करीब सवा 12 बजे खाद का वितरण शुरू हुआ और शाम चार बजे तक सभी दो हजार बैग वितरित हो गए। हालांकि मंडी पहुंचे सभी किसानों को खाद नहीं मिल पाई और 100 से अधिक किसानों को शुक्रवार को भी बैरंग लौटना पड़ा।

नई अनाज मंडी में कड़ी सुुरक्षा के बीच वितरित हुई खाद
नई अनाज मंडी में दोपहर करीब सवा 12 बजे खाद वितरण शुरू हुआ। मंडी में शुक्रवार को एक हजार से अधिक किसान पहुंचे और भीड़ के चलते पुलिस सुरक्षा भी कड़ी रही। खाद वितरण के दौरान नई अनाज मंडी में पंद्रह से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहे जो बार-बार किसानों को लाइन में लगने का आग्रह करते नजर आए।

यह भी पढ़ें : हरियाणा में डेंगू का डंक: अर्द्धसैनिक बल के 26 जवान बीमार, हलोपा नेता की बेटी की मौत, पिछले साल के मुकाबले दो गुना हुए केस

पुलिसकर्मी समेत वाहन चालकों से उलझे किसान
पुरानी अनाज मंडी चौक पर जाम के दौरान किसानों की वाहन चालकों से झड़प हुई। यहां तक की स्कूटी सवार एक पुलिसकर्मी से भी किसान उलझ पड़े। वहीं, एक साइकिल सवार ने जामस्थल से आगे बढ़ने का प्रयास किया तो प्रदर्शनकारियों ने उसकी साइकिल ही उठाकर फेंक दी। कई वाहन चालकों के साथ जाम लगाने वाले किसानों की झड़प हुई।

16 हजार बैग पहुंचने का था दावा, दो हजार ही पहुंचे
पिछले तीन दिनों से प्रशासन किसानों को पर्याप्त खाद मंगवाने का आश्वासन देकर शांत करने का प्रयास कर रहा है। वीरवार को कृषि विभाग के उप निदेशक ने शुक्रवार तक खाद के 16 हजार बैग पहुंचने का दावा किया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। शुक्रवार को महज दो हजार बैग ही पहुंचे जो करीब एक हजार किसानों को ही मिल पाए।

विज्ञापन

खाद के दस हजार बैग और जिले में जल्द पहुंच जाएंगे। शनिवार रात तक ये बैग पहुंचने की उम्मीद है। उनका पारदर्शी तरीके से वितरण किया जाएगा। शुक्रवार को दो हजार बैग पहुंचे थे जिनका वितरण करवा दिया गया। -विरेंद्र सिंह, एसडीएम, चरखी दादरी

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें