हरियाणा के चरखी दादरी में दसवीं कक्षा के सामाजिक विज्ञान के पेपर के दौरान परीक्षा केंद्र के बाहर बैठकर मोबाइल से प्रश्नपत्र हल करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी शिक्षक हैं। उनके खिलाफ बिरही कलां परीक्षा केंद्र अधीक्षक की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि 31 मार्च को बिरही कलां परीक्षा केंद्र अधीक्षक प्रदीप ने सदर थाना पुलिस को एक शिकायत सौंपी थी। इसमें बताया गया था कि बोर्ड चेयरमैन जगबीर सिंह ने परीक्षा केंद्र पर दबिश दी तो गेट के समीप एक व्यक्ति बाइक पर बैठकर मोबाइल में पेपर सॉल्व करता मिला। उड़नदस्ते को देखकर उक्त व्यक्ति वहां से भाग गया, लेकिन अपना मोबाइल वहीं छोड़ गया।
बोर्ड चेयरमैन ने मोबाइल अपने कब्जे में लेकर जांच की तो यह प्रदीप नामक व्यक्ति का मिला। उन्होंने यह मोबाइल केंद्र अधीक्षक की मार्फत पुलिस को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को पांडवान अड्डे से गिरफ्तार किया गया।
इनकी पहचान पांडवान निवासी प्रदीप और नरसिंहवास निवासी कार्तिक शर्मा के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी प्रदीप ने बताया कि वह और कार्तिक पांडवान स्थित संस्कार पब्लिक स्कूल में पढ़ाते हैं। सामाजिक विज्ञान के पेपर के दौरान वह परीक्षार्थियों के साथ बिरही कलां आए थे।
छपार निवासी व्यक्ति से परीक्षा केंद्र के बाहर हुई मुलाकात
आरोपी प्रदीप ने बताया कि परीक्षा केंद्र के बाहर उसकी मुलाकात छपार निवासी एक व्यक्ति से हुई थी। आपस में बातचीत करते हुए उसने कहा कि अगर पेपर आउट होता है तो उसे भी दे देना। फिर उसी व्यक्ति ने प्रदीप के मोबाइल पर पेपर की चार फोटो भेजी थीं। प्रदीप ने इनमें से एक फोटो कार्तिक के मोबाइल पर भेजी दी। कार्तिक ने कुछ प्रश्न हल करके उत्तर की वापस प्रदीप के मोबाइल पर भेजी थी। पुलिस टीम ने आरोपी कार्तिक से एक मोबाइल बरामद किया है।